बलरामपुर: 15 मई 2025
बलरामपुर जिले के सनावल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले धौली गांव में कन्हर नदी के किनारे अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को रोकने पहुंची पुलिस टीम पर रेत माफियाओं ने हमला कर दिया। इस हमले में सनावल थाना में पदस्थ आरक्षक शिव बच्चन सिंह की जान चली गई। घटना के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी।
यह घटना बीते सोमवार की रात की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कन्हर नदी में अवैध रेत खनन और तस्करी हो रही है। इसी सूचना पर सनावल थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। वहां मौजूद रेत तस्करों ने पुलिस टीम के आरक्षक शिव बच्चन सिंह को ट्रैक्टर से जानबूझकर टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल आरक्षक की मौके पर ही मौत हो गई।
चार आरोपी गिरफ्तार, दो ट्रैक्टर जब्त
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें आरीफूल हक निवासी धूरकी (झारखंड), जमील अंसारी, शकील अंसारी और अकबर अंसारी शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, इस वारदात में प्रयुक्त दो ट्रैक्टरों को भी जब्त कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें;बलौदाबाजार : आत्महत्या मामले में नया मोड़, सुसाइड नोट से खुले राज – चार आरोपी गिरफ्तार…
बलरामपुर पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 (हत्या), 109 (साजिश), 121, 132, 221, 61, 303, 238, 249 समेत भारतीय वन अधिनियम और खान एवं खनिज अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
बलरामपुर जिले के पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर रमनलाल ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जांच के दौरान जुटाए गए सबूतों के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में बढ़ी सतर्कता
इस घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमे ने रेत खनन क्षेत्रों में गश्त और सतर्कता बढ़ा दी है। अधिकारियों ने अवैध रेत तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं और आम जनता से भी अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
ख़बरें और भी… https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q दिए गए लिंक पर क्लिक हमसे जुड़ें और अपने आस पास की ख़ास ख़बरों के प्रकाशन के लिए 93030-80010 पर संपर्क कर सकतें हैं |


