स्कूल की छुट्टी के बाद तेज रफ्तार में बाइक चलाते समय हुआ हादसा, दो छात्रों की हालत गंभीर; तमाशबीनों के बीच दो राहगीरों ने दिखाई इंसानियत।
कोरबा। जिले के कुसमुंडा क्षेत्र के आदर्श नगर में स्कूल की छुट्टी के बाद बाइक पर स्टंटबाजी करना तीन छात्रों के लिए भारी पड़ गया। तेज रफ्तार में बाइक चलाने के दौरान दो मोटरसाइकिलें आपस में टकरा गईं। हादसे में तीन स्कूली छात्र घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्र स्कूल से निकलने के बाद बाइक पर तेज रफ्तार में करतब दिखा रहे थे। इसी दौरान वे वाहनों पर नियंत्रण नहीं रख सके और जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद तीनों छात्र सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल छात्र सड़क पर पड़े मदद का इंतजार करते रहे, लेकिन वहां मौजूद कई लोग सहायता करने के बजाय तमाशबीन बने रहे। कुछ लोग छात्रों की पहले से जारी स्टंटबाजी को लेकर तंज कसते भी नजर आए। इसी बीच वहां से गुजर रहे विनय अग्रवाल और प्रवीण कुमार (अन्ना) ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए अपनी कार रोकी और घायलों की मदद के लिए आगे आए। दोनों ने बिना देर किए तीनों छात्रों को अपनी कार में बैठाया और एसईसीएल के विभागीय अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो छात्रों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल कोरबा रेफर किया गया। घायल छात्र बांकीमोंगरा और विकास नगर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। इस घटना ने स्कूलों की छुट्टी के समय सड़कों पर नाबालिगों की तेज रफ्तार बाइकबाजी और स्टंट पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कम उम्र में वाहन चलाना, यातायात नियमों की अनदेखी और सड़क पर जोखिम भरे करतब न केवल खुद की, बल्कि दूसरों की जान भी खतरे में डालते हैं। वहीं दुर्घटना के बाद घायलों की मदद के बजाय तमाशा देखने वाले लोगों के व्यवहार ने सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनशीलता पर भी सवाल खड़े किए हैं।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


