25 दिन की जांच, चार राज्यों में छापेमारी और 1000 से अधिक CCTV कैमरों की मदद से पुलिस को मिली सफलता; 1.50 करोड़ रुपये के 125 आईफोन बरामद।
रायपुर। राजधानी के मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर में हुई करीब 2 करोड़ रुपये की चोरी के मामले में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कथित कंजर गिरोह के सरगना समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं चोरी के मोबाइल खरीदने वाले मुख्य खरीदार को विदेश भागने से ठीक पहले मुंबई एयरपोर्ट के पास से पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से करीब 1.50 करोड़ रुपये कीमत के 125 आईफोन बरामद किए गए हैं। इस मामले को सुलझाने के लिए पुलिस ने करीब 25 दिनों तक लगातार जांच की और चार राज्यों में छापेमारी की।
चोरी की वारदात 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की दरम्यानी रात तेलीबांधा थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित आई नेक्स्ट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के एप्पल स्टोर में हुई थी। स्टोर संचालक ऋषभ डागा की शिकायत के अनुसार, अज्ञात चोर शटर उठाकर दुकान में दाखिल हुए और करीब 2 करोड़ रुपये कीमत के 173 सामान चोरी कर ले गए। इनमें एप्पल आईफोन, एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड शामिल थे। आरोपियों ने पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी उखाड़ लिया था। पुलिस ने अपराध क्रमांक 487/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने चार राज्यों में आरोपियों की तलाश की और 1000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज तथा 1100 मोबाइल टावरों से मिले डेटा का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस गिरोह तक पहुंची। कार्रवाई में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ चोरी के 125 आईफोन बरामद किए गए हैं। वहीं मुख्य खरीदार को मुंबई एयरपोर्ट के पास उस समय पकड़ा गया, जब वह विदेश भागने की तैयारी में था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी के शेष सामान और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई को राजधानी में हुई बड़ी चोरी की वारदातों के खुलासे के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


