रायपुर, 31 दिसम्बर 2025
छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग ने बेमेतरा जिले के विकासखण्ड नवागढ़ में शिवनाथ नदी पर तट रक्षण कार्य और पुलिया निर्माण के लिए 4 करोड़ 24 लाख 29 हजार रुपये स्वीकृत किए हैं। यह निर्माण कार्य मऊ ग्राम के पास बाबा कुटी के समीप किया जाएगा, जहां बरसात के दौरान लगातार नदी कटाव और बाढ़ के खतरे की स्थिति बनती रही है।
योजना के तहत शिवनाथ नदी के बाएं तट पर लगभग 220 मीटर लंबाई में तट संरक्षण एवं बाढ़ नियंत्रण कार्य करवाया जाएगा। इससे क्षेत्र में जल संरक्षण को मजबूती मिलेगी तथा ग्रामीणों और राहगीरों की आवाजाही भी सुरक्षित होगी। पुलिया निर्माण से आवागमन सुगम होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को बढ़ावा मिलेगा।
सरकार ने इस परियोजना के निर्माण के लिए महानदी–गोदावरी कछार जल संसाधन विभाग, रायपुर के मुख्य अभियंता को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। स्वीकृति जारी होने के बाद जल्द ही कार्य प्रारंभ होने की संभावना है, जिससे स्थानीय लोगों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।
खबरें और भी…


