रायपुर / स्वतंत्र छत्तीसगढ़ न्यूज़
रायपुर । प्रदेश में चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन परीक्षण एसआईआर की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई है । इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी ने इस विषय पर बुधवार को रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में एक अहम बैठक बुलाई है । इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे । उनके साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय , प्रदेश सरकार के सभी मंत्री , विधायक , सांसद और सभी जिलों के अध्यक्ष शामिल होंगे । बैठक में एसआईआर प्रक्रिया से संबंधित नियमों , दिशानिर्देशों और मतदाताओं की सहायता के लिए किए जाने वाले कार्यों पर चर्चा की जाएगी । भाजपा का कहना है कि यह बैठक न केवल जनजागरण के उद्देश्य से रखी गई है बल्कि कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम का तथ्यात्मक जवाब देने की रणनीति तैयार करने का भी अवसर होगी ।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कंडेय ने बताया कि कांग्रेस एसआईआर को लेकर जनता में गलतफहमी पैदा करने का प्रयास कर रही है । पार्टी का मकसद है कि जनता को सही जानकारी दी जाए और मतदाता सूची के शुद्धिकरण कार्य में सहयोग किया जाए । उन्होंने कहा कि देश के लगभग एक दर्जन राज्यों में चुनाव आयोग द्वारा यह प्रक्रिया संचालित की जा रही है और छत्तीसगढ़ में भी इसका कार्य औपचारिक रूप से शुरू हो चुका है ।
राष्ट्रीय संगठन ने सभी राज्य इकाइयों को निर्देश दिया है कि वे अपने स्तर पर बैठकों का आयोजन कर जनता को एसआईआर की प्रक्रिया और उसके महत्व के बारे में जागरूक करें । इसी दिशा में रायपुर में पांच नवंबर को आयोजित बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री और प्रदेश प्रभारी शिव प्रकाश पार्टी कार्यकर्ताओं को एसआईआर से जुड़ी विस्तृत जानकारी देंगे । वे दिल्ली से रायपुर पहुंचकर सुबह बैठक का नेतृत्व करेंगे ।
खबरें और भी…


