कोरबा/ स्वतंत्र छत्तीसगढ़
कोरबा— जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक ट्रेनी डॉक्टर ने अपने सीनियर आयुर्वेदिक डॉक्टर पर छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ IPC की धारा 354 (छेड़छाड़) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता पिछले तीन महीनों से मेडिकल कॉलेज के आयुष विंग विभाग में प्रशिक्षण ले रही है। किसी काम से वह विभाग के स्टाफ रूम में पहुंची, जहां सीनियर डॉक्टर एके मिश्रा पहले से मौजूद थे। इसी दौरान एक अन्य स्टाफ की मौजूदगी में डॉक्टर मिश्रा ने ट्रेनी डॉक्टर से कहा — “तुम्हारी तबीयत ठीक नहीं लग रही है, मैं चेकअप कर देता हूं।” जब ट्रेनी डॉक्टर ने मना किया तो आरोपी ने कथित रूप से जबरदस्ती उसके शरीर को छूने की कोशिश की।
घटना के बाद ट्रेनी डॉक्टर वहां से निकलकर सीधे कॉलेज के डीन के पास पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उसने अपने परिजनों को भी घटना की जानकारी दी। अगले दिन परिजन कोरबा पहुंचे और सिविल लाइन थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई।
ASP नीतीश ठाकुर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जल्द ही दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. केके सहारे ने कहा कि ट्रेनी डॉक्टर की लिखित शिकायत पर आंतरिक शिकायत निवारण समिति (ICC) को जांच सौंपी गई है। समिति दोनों पक्षों के बयान लेकर निष्पक्ष जांच करेगी।
खबरें और भी…follow करना न भूले।


