विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों में शामिल डॉ. अंजनेयुलु ने विद्यार्थियों से किया नवाचार, परिश्रम और पर्यावरण संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान |
रायपुर। श्री बालाजी विद्या मंदिर में आयोजित विशेष सम्मान एवं प्रेरणा कार्यक्रम में विद्यालय के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. बंदी अंजनेयुलु थे, जो कलिंगा विश्वविद्यालय, नया रायपुर के विज्ञान संकाय के डीन एवं अकादमिक मामलों के उप-डीन हैं। कार्बनिक रसायन विज्ञान के प्रतिष्ठित शोधकर्ता डॉ. अंजनेयुलु ने अक्टूबर 2026 में रसायन विज्ञान के क्षेत्र में अपने शोध योगदान के लिए विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों में स्थान प्राप्त कर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि ने विद्यार्थियों के लिए शिक्षा, शोध और समर्पण के क्षेत्र में नई प्रेरणा प्रस्तुत की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अंजनेयुलु ने विद्यार्थियों से विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश और विश्व का भविष्य हैं। उन्हें नवाचारी सोच, कठिन परिश्रम और जिम्मेदार नागरिकता के गुण अपनाने चाहिए। उन्होंने प्रकृति के अमूल्य संसाधनों के संरक्षण तथा सतत विकास की दिशा में कार्य करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने ज्ञान, परिश्रम और सकारात्मक दृष्टिकोण के माध्यम से न केवल देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए, बल्कि एक बेहतर, सुरक्षित और खुशहाल दुनिया के निर्माण का भी संकल्प लेना चाहिए।

इस अवसर पर आंध्र एसोसिएशन, रायपुर के अध्यक्ष श्री जी. स्वामी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य डॉ. फ्रेनी जयप्रकाश, उप-प्राचार्य श्रीमती मौसमी भट्टाचार्य, खेल शिक्षक श्री उमेश सिंह ठाकुर सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचान देना, खेल उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना तथा उनमें राष्ट्र निर्माण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


