स्वतंत्र छत्तीसगढ़
राजनांदगांव में कार्यकर्ताओं से की मुलाकात, संगठन को मजबूत करने पर दिया जोर
राजनांदगांव: 06 अक्टूबर 2025— पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रविवार को एक दिवसीय दौरे पर राजनांदगांव पहुंचे। न्यू सर्किट हाउस में उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात कर संगठनात्मक चर्चा की। बघेल ने कहा कि “हम विपक्ष में जरूर हैं, लेकिन हमें यह ध्यान रखना है कि हम ही जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाएंगे।”
बिहार चुनाव के लिए बनाए गए सीनियर ऑब्जर्वर
कांग्रेस आलाकमान ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए सीनियर ऑब्जर्वर नियुक्त किया है। इस जिम्मेदारी के बाद उनका यह पहला राजनांदगांव दौरा रहा। मीडिया से चर्चा करते हुए बघेल ने कहा कि “बिहार चुनाव में वोट चोरी बड़ा मुद्दा रहेगा। हम जनता के बीच जाकर बताएंगे कि कैसे वोट चोरी के जरिए बीजेपी ने कई राज्यों में सरकार बनाई।”
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठा रहे हैं और विपक्ष की कोशिश है कि वोट चोरी का मुद्दा पूरे देश में जनता के बीच जाए।
अमित शाह के दौरे पर उठाए सवाल
बघेल ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि “बिरनपुर कांड में सीबीआई चार्जशीट और अन्य मामलों पर राज्य सरकार चुप क्यों है?”
साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे संगठन के स्तर पर जिम्मेदारी के साथ काम करें, पार्टी को मजबूत बनाएं और जनता की आवाज उठाते रहें।
छत्तीसगढ़ संगठन को लेकर चर्चा जारी
बघेल ने बताया कि कांग्रेस संगठन को लेकर लगातार विचार-विमर्श चल रहा है। उन्होंने कहा कि “छत्तीसगढ़ में संगठन पर चर्चा हो रही है। ऑब्जर्वर के रूप में चरणजीत सिंह सापरा आए हुए हैं और वरिष्ठ नेताओं से कई विषयों पर चर्चा हुई है।”
बिरनपुर घटना पर बयान
बिरनपुर हिंसा मामले पर बघेल ने कहा कि बीजेपी विधायक ईश्वर साहू के बेटे की हत्या के मामले में सीबीआई जांच में जिस व्यक्ति का नाम लिया जा रहा था, उसका कहीं उल्लेख नहीं मिला है। इससे साबित होता है कि यह घटना किसी राजनीतिक षड्यंत्र का हिस्सा नहीं थी। उन्होंने कहा कि “विष्णु देव साय की सरकार आदिवासी विरोधी है, एक भी आदिवासियों से जुड़ा विज्ञापन तक जारी नहीं किया गया है।”
जिला व ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति पर चर्चा
छत्तीसगढ़ कांग्रेस में लंबे समय से लंबित जिला और ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति पर भी चर्चा की गई। इस बैठक में ऑब्जर्वर चरणजीत सिंह सापरा भी उपस्थित रहे। बैठक में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावी रणनीति पर विचार किया गया।
खबरें और भी…


