स्वतंत्र छत्तीसगढ़ /स्पोर्टस
दुबई: 25 सितम्बर 2025 — भारतीय क्रिकेट टीम ने एशिया कप 2025 के सुपर-4 चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 41 रन से हराकर लगातार दूसरी और कुल 11वीं बार फाइनल में प्रवेश कर लिया। टीम इंडिया की जीत के नायक रहे युवा ओपनर अभिषेक शर्मा और स्पिन जोड़ी कुलदीप यादव व वरुण चक्रवर्ती।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 168 रन बनाए। अभिषेक शर्मा ने 51 गेंदों पर 75 रन की आतिशी पारी खेली, जिसमें छह चौके और पांच छक्के शामिल रहे। यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक रहा। जवाब में बांग्लादेश की टीम 127 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से कुलदीप यादव ने 3 और वरुण चक्रवर्ती ने 2 विकेट चटकाए। बांग्लादेश के लिए सैफ हसन ने सर्वाधिक 69 रन बनाए।
अभिषेक शर्मा एशिया कप टी-20 में लगातार दो अर्धशतक लगाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि विराट कोहली ने हासिल की थी। अभिषेक अब तक खेले 22 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 783 रन बना चुके हैं, जिनमें 2 शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 17 छक्के जड़कर भारत की ओर से सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।
बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने इस मैच में खास मुकाम हासिल किया। उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 150 विकेट पूरे कर लिए। वे यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के चौथे और बांग्लादेश के पहले गेंदबाज बने। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव उनका 150वां शिकार बने। मुस्तफिजुर का टी-20 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/10 का है। भारत की इस जीत के साथ अब फाइनल में उसका मुकाबला तय होना बाकी है, जहां टीम खिताब जीतने के लिए मैदान में उतरेगी।
वेबसाईट- www.swatantrachhattisgarh.com के व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक: https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ने के लिए लिंक: https://www.facebook.com/profile.php?id=61566212073238 यूट्यूब से जुड़ने के लिए लिंक : https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh whatsapp चैनल से जुड़ने के लिए लिंक :https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्विटर से जुड़ने के लिए लिंक: https://x.com/c35509 (विज्ञापन एवं न्यूज़ के लिए संपर्क :(999934-54909)


