बिलासपुर : 29 जून 2025
छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश में शिक्षा को नई दिशा देने की पहल करते हुए राज्य की पहली एजुकेशन सिटी बनाने का निर्णय लिया है। यह एजुकेशन सिटी बिलासपुर में अरपा नदी के किनारे नगर निगम की 13 एकड़ जमीन पर विकसित की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में इस प्रोजेक्ट की रूपरेखा तैयार कर ली गई है और जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू होगा। इस परियोजना पर लगभग 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इस एजुकेशन सिटी में विद्यार्थियों की पढ़ाई, रहने, खेलकूद और विकास से जुड़ी हर सुविधा एक ही परिसर में उपलब्ध होगी:
- नालंदा परिसर – 500 विद्यार्थियों की क्षमता वाला यह परिसर आधुनिक फिजिकल और डिजिटल लाइब्रेरी से सुसज्जित होगा।
- तीन बहुमंजिला इमारतें – जिनमें कुल 48 क्लासरूम सेटअप होंगे। हर सेटअप में 1 हॉल, 2 कक्ष और 1 टॉयलेट रहेगा। इससे 4,800 छात्र-छात्राएं एक साथ कोचिंग क्लास कर सकेंगे।
- ऑडिटोरियम – 700 सीटों का अत्याधुनिक ऑडिटोरियम छात्रों के सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों के लिए बनाया जाएगा।
- हॉस्टल – बाहर से आने वाले करीब 1000 विद्यार्थियों के लिए रहने की सुविधा युक्त हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा।
- खेलकूद और गार्डन – विद्यार्थियों के शारीरिक विकास को ध्यान में रखते हुए एस्ट्रोटर्फ खेल मैदान और सुंदर गार्डन बनाए जाएंगे।
- मल्टी लेवल पार्किंग – परिसर में वाहनों के लिए बहुस्तरीय पार्किंग की सुविधा होगी ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
यह भी पढ़े : भारत माला प्रोजेक्ट घोटाला, 6 अफसरों के खिलाफ उद्घोषणा; 29 जुलाई तक कोर्ट में पेश होने का आदेश…
एजुकेशन सिटी के लिए बिलासपुर का चयन सोच-समझकर किया गया है। राज्य गठन के पहले से ही बिलासपुर शिक्षा का बड़ा केंद्र रहा है। यहां:
- एक केंद्रीय विश्वविद्यालय,
- दो राज्य विश्वविद्यालय,
- 8 महाविद्यालय,
- छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग, व्यापम कार्यालय,
- और आईएएस, पीएससी, इंजीनियरिंग व मेडिकल जैसी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले 100 से अधिक कोचिंग संस्थान संचालित हो रहे हैं।
इन संस्थानों में 50,000 से अधिक विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। इसके अलावा बिलासपुर में एसईसीएल का मुख्यालय और रेलवे डीआरएम कार्यालय भी है, जिससे शहर की महत्ता और बढ़ जाती है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि, हमारी सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। यह एजुकेशन सिटी आने वाले समय में प्रदेश के शैक्षणिक परिदृश्य को एक नई ऊंचाई देगी और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर इसे चरणबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए।
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG हमारे फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/me हमारे यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh हमारे व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q हमारे ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


