Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

रायपुर से दिल्ली के लिए दो नई उड़ानें शुरू, प्रयागराज रूट हुआ बंद — एयर इंडिया और इंडिगो का नया शेड्यूल लागू…

हाइलाइट :

रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हवाई यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। विमानन कंपनियों के नए शीतकालीन शेड्यूल के तहत स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए दो नई उड़ानें शुरू की जा रही हैं। वहीं, इंडिगो ने रायपुर से प्रयागराज को जोड़ने वाली एकमात्र फ्लाइट को फिर से बंद कर दिया है। यह फ्लाइट 16 अगस्त 2024 को दोबारा शुरू की गई थी, लेकिन अब कंपनी ने इसे नए शेड्यूल से हटा दिया है। शनिवार को इस रूट की आखिरी उड़ान संचालित की गई। यह 72 सीटर एटीआर विमान लगभग 80 प्रतिशत बुकिंग के साथ चल रहा था, जिससे प्रयागराज जाने वाले यात्रियों को अब असुविधा होगी।

दिल्ली-रायपुर सेक्टर में एयर इंडिया की नई फ्लाइट आज 26 अक्टूबर से शुरू होगी। नई उड़ान संख्या 2635 दिल्ली से दोपहर 12.10 बजे रवाना होकर 2.05 बजे रायपुर पहुंचेगी, जबकि वापसी में फ्लाइट संख्या 2636 दोपहर 2.35 बजे उड़ान भरकर शाम 4.45 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इस नई सेवा के साथ अब एयर इंडिया की तीन उड़ानें रोजाना दिल्ली-रायपुर सेक्टर में उपलब्ध होंगी, जबकि अभी तक दो ही उड़ानें सुबह और शाम संचालित की जा रही थीं।

इसी तरह इंडिगो एयरलाइंस भी 26 अक्टूबर से अपनी नई फ्लाइट दिल्ली-रायपुर-दिल्ली रूट पर शुरू करने जा रही है। उड़ान संख्या 6ई2120 सुबह 10.15 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर दोपहर 12.15 बजे रायपुर पहुंचेगी, और वापसी में उड़ान संख्या 6ई6640 दोपहर 12.45 बजे रायपुर से रवाना होकर 2.45 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इस नई सेवा के साथ इंडिगो की कुल पांच उड़ानें रोजाना इस सेक्टर में उपलब्ध होंगी।

नए शेड्यूल के लागू होने के बाद रायपुर से दिल्ली के लिए कुल आठ उड़ानें रोजाना उपलब्ध होंगी। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से फिलहाल देश के विभिन्न शहरों के लिए कुल 24 उड़ानें संचालित की जा रही हैं, जो अब बढ़कर 25 हो जाएंगी। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, नए शेड्यूल में कुछ उड़ानों के समय में मामूली बदलाव भी संभव है।

ख़बरें और भी…

Exit mobile version