30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद की बैठक, छत्तीसगढ़ के सांसदों को भी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश; महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दों पर बढ़ी राजनीतिक हलचल |
रायपुर। संसद के आगामी विशेष सत्र को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने छत्तीसगढ़ समेत देशभर के अपने सभी सांसदों के लिए व्हिप जारी करते हुए 29 नवंबर तक दिल्ली पहुंचने के निर्देश दिए हैं। कांग्रेस प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत ने छत्तीसगढ़ के सभी सांसदों को यह निर्देश दिया है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक प्रस्तावित है। इस दौरान महत्वपूर्ण सरकारी कामकाज होने की संभावना को देखते हुए कांग्रेस ने अपने सांसदों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की कवायद शुरू कर दी है।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने जानकारी दी है कि केंद्र सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है। इसके अनुसार लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होगी। आवश्यक सरकारी कामकाज पूरा होने के बाद दोनों सदनों का सत्र 3 दिसंबर को समाप्त हो सकता है। इस बीच महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधायी प्रस्तावों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि इन मुद्दों पर सरकार की ओर से सत्र के एजेंडे को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
विशेष सत्र की तैयारियों के तहत कांग्रेस संसदीय रणनीति समूह की बैठक 27 नवंबर को शाम 4:30 बजे दिल्ली में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता सोनिया गांधी करेंगी। इसमें संसद की कार्यवाही के दौरान पार्टी की रणनीति और महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। गौरतलब है कि संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई को शुरू हुआ था और 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था। अब दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाए जाने से संसद में राजनीतिक और विधायी गतिविधियां तेज होने के आसार हैं।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


