रायगढ़/छत्तीसगढ़
हेडलाइंस
- जिले के 18 बीज विक्रय केंद्रों का किया गया निरीक्षण
- 37.45 क्विंटल बीज के विक्रय, वितरण और परिवहन पर लगी रोक
- 9 बीज विक्रेताओं को जारी किया गया कारण बताओ नोटिस
- 107 बीज नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए भेजे गए
- किसानों से अधिकृत विक्रेताओं से ही बीज खरीदने की अपील
रायगढ़। खरीफ सीजन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने जिलेभर में बीज विक्रय केंद्रों पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान बीज नियंत्रण आदेश-1983 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने 37.45 क्विंटल बीज के विक्रय, वितरण और परिवहन पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। विभाग की इस कार्रवाई से बीज विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है।
18 बीज विक्रय केंद्रों की हुई जांच
उप संचालक कृषि अनिल वर्मा ने बताया कि जिले के विभिन्न विकासखंडों में कुल 18 बीज विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान खरसिया, धरमजयगढ़, पुसौर तथा अन्य क्षेत्रों के कई बीज विक्रय प्रतिष्ठानों में बीजों के वैध स्रोत प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं पाए गए। कृषि विभाग ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए तत्काल कार्रवाई की है।
कई प्रतिष्ठानों के बीजों की बिक्री पर लगी रोक
खरसिया स्थित जय बालाजी एजेंसी में अंकुर सोनम एवं मनसा विराट धान बीज के स्रोत प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं किए जाने पर संबंधित बीजों के स्टॉक की बिक्री, वितरण और परिवहन पर रोक लगा दी गई। इसी प्रकार समलेश्वरी बीज भंडार पटेलपाली, बालाजी बीज भंडार पटेलपाली, मुकेश बीज भंडार धरमजयगढ़ तथा श्री श्याम कृषि केंद्र सिसरिंगा में उपलब्ध बीजों के आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर सात दिनों के लिए उनके विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है।
पुसौर में भी सामने आई अनियमितता
पुसौर स्थित सागर कृषि केंद्र में धान की लोकप्रिय किस्म आईआर-64 के स्रोत प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण उसके विक्रय पर भी रोक लगा दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए बिना किसी भी बीज का विक्रय नहीं किया जा सकेगा।
9 केंद्रों को नोटिस, 107 नमूने जांच के लिए भेजे गए
निरीक्षण के दौरान कई बीज विक्रय केंद्रों में मासिक प्रतिवेदन और अन्य आवश्यक अभिलेखों का समुचित संधारण नहीं पाया गया। इस पर कृषि विभाग ने 9 केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वहीं गुणवत्ता की जांच के लिए अब तक 107 बीज नमूने राज्य स्तरीय बीज गुण नियंत्रण प्रयोगशाला भेजे जा चुके हैं। इनमें 84 नमूने सहकारी क्षेत्र तथा 23 नमूने निजी क्षेत्र से लिए गए हैं।
किसानों को दी गई महत्वपूर्ण सलाह
कृषि विभाग ने बताया कि जिले में खरीफ सीजन की मांग के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में बीज उपलब्ध हैं। किसानों से अपील की गई है कि वे केवल सेवा सहकारी समितियों एवं अधिकृत बीज विक्रेताओं से ही बीज खरीदें। साथ ही खरीदारी के समय पक्का बिल अवश्य प्राप्त करें, ताकि गुणवत्ता संबंधी किसी भी शिकायत के निराकरण में सुविधा हो सके और किसानों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।
खबरें और भी…
स्वतंत्र छत्तीसगढ़ के WhatsApp Group को ज्वाइन करना न भूलें :
https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG


