स्वतंत्र छत्तीसगढ़
हेडलाइंस :
- नीट पेपर लीक के विरोध में बिलासपुर में उग्र प्रदर्शन
- सांसद आवास घेराव के दौरान पुलिस ने किया लाठीचार्ज
- कांग्रेस का दावा, 50 से अधिक छात्र और कार्यकर्ता घायल
- विधायक देवेंद्र यादव का कुर्ता फटा, कई प्रदर्शनकारी अस्पताल पहुंचे
- कांग्रेस ने न्यायिक जांच और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग उठाई
बिलासपुर। नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में आयोजित एनएसयूआई और कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान बुधवार को बिलासपुर में बड़ा बवाल हो गया। सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री के निवास घेराव के लिए निकले प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। कांग्रेस का दावा है कि इस कार्रवाई में 50 से अधिक छात्र, युवा और कार्यकर्ता घायल हुए हैं। घटना के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है।
छात्रों के मुद्दे पर प्रदर्शन, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के खिलाफ एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र और कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे थे। प्रदर्शनकारी सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के निवास का घेराव करने जा रहे थे। पुलिस ने सुरक्षा कारणों से पहले ही बैरिकेडिंग कर दी थी, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
बैरिकेड तोड़ने की कोशिश के बाद बढ़ा विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच पहले धक्का-मुक्की हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बावजूद जब भीड़ आगे बढ़ने लगी और कलेक्टर कार्यालय की ओर मार्च करने लगी, तब पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान कई छात्र और कार्यकर्ता घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार को घेरा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र और युवा शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन सरकार के इशारे पर पुलिस प्रशासन ने बल प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है और इस पूरे घटनाक्रम की न्यायिक जांच कराई जानी चाहिए।
विधायक का कुर्ता फटा, कई नेताओं को आई चोटें
हंगामे के दौरान भिलाई विधायक देवेंद्र यादव भी प्रदर्शन में शामिल थे। धक्का-मुक्की के दौरान उनका कुर्ता फट गया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पुलिस ने जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग किया। वहीं प्रदर्शनकारियों की ओर से भी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। घटना के बाद अस्पताल में भर्ती घायलों से मिलने कांग्रेस नेताओं का पहुंचना जारी रहा।
पुलिस का दावा, जवान भी हुए घायल
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। सिविल लाइन क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बैरिकेडिंग तोड़ने और जबरन आगे बढ़ने की कोशिश के दौरान पुलिस जवानों को चोटें आईं। मौके से एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया था, जिन्हें बाद में मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
राजनीतिक माहौल हुआ गरम
घटना के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। विपक्ष सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगा रहा है, जबकि प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई कार्रवाई को उचित बता रहा है। अब इस पूरे घटनाक्रम की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
खबरें और भी…
www.swatantrachhattisgarh.com पर विजिट करें


