बलरामपुर / छत्तीसगढ़
हाइलाइट बॉक्स
- बलरामपुर में जिला स्तरीय श्रमिक सम्मेलन का आयोजन
- सांसद चिंतामणि महाराज ने श्रमिकों को स्वयं परोसा भोजन
- विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को चेक वितरण
- श्रमिकों को पंजीयन कर योजनाओं का लाभ लेने किया प्रेरित
बलरामपुर, 8 मई 2026। जिले के मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम परिसर में निर्माण श्रमिकों के सशक्तिकरण और उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से जिला स्तरीय श्रमिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर, जनपद अध्यक्ष सुश्री सुमित्रा चेरवा, उपाध्यक्ष श्रीमती बबली देवी, पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य श्री कृष्णा गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि और श्रमिक उपस्थित रहे। सम्मेलन में श्रमिकों के प्रति सम्मान और आत्मीयता का अनूठा दृश्य तब देखने को मिला जब जनप्रतिनिधियों ने स्वयं अपने हाथों से श्रमिकों को भोजन परोसा और उनसे संवाद किया।
श्रमिकों के बिना विकास संभव नहीं : सांसद
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि श्रमिक समाज और विकास की सबसे मजबूत कड़ी हैं तथा उनके बिना किसी भी विकास कार्य की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। शासन द्वारा पारदर्शिता और सुशासन के साथ श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है, जिससे हजारों श्रमिक परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने सभी पात्र श्रमिकों से श्रम विभाग में पंजीयन कराने और योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
योजनाओं से मिल रहा श्रमिक परिवारों को सहारा
जनपद अध्यक्ष सुश्री सुमित्रा चेरवा ने कहा कि श्रमिकों की मेहनत और समर्पण से ही विकास कार्यों को गति मिलती है। वहीं पूर्व जनपद उपाध्यक्ष श्री भानु प्रकाश दीक्षित ने श्रमिक और किसान वर्ग को राष्ट्र निर्माण की रीढ़ बताते हुए बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की अपील की। जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर ने जानकारी दी कि श्रम विभाग द्वारा महतारी जतन योजना, मुख्यमंत्री नौनिहाल सुरक्षा योजना, छात्रवृत्ति योजना, श्रमिक सियान सहायता योजना और दिव्यांग सहायता योजना सहित कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनसे श्रमिक परिवारों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है।
हितग्राहियों को वितरित किए गए सहायता राशि के चेक
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागीय योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। मिनीमाता महतारी जतन योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना तथा निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत कुल 10 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। सहायता राशि प्राप्त कर श्रमिक परिवारों के चेहरों पर संतोष और खुशी दिखाई दी। सम्मेलन स्थल पर विभागीय स्टॉल भी लगाए गए थे, जहां श्रमिकों को श्रम पंजीयन, स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क दवा वितरण और कर्मचारी राज्य बीमा सेवाओं की जानकारी दी गई।

हजारों श्रमिक परिवारों को योजनाओं का लाभ
श्रम विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 में जिले के हजारों श्रमिक परिवारों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार मिनीमाता महतारी जतन योजना से 153 महिलाओं, नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना से 456 विद्यार्थियों, नोनी बाबू मेधावी शिक्षा योजना से 182 विद्यार्थियों तथा नोनी सशक्तिकरण योजना से 112 पुत्रियों को लाभान्वित किया गया। इसके अलावा श्रमिक सियान सहायता, प्रसूति सहायता, मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता तथा निःशुल्क गणवेश एवं पुस्तक सहायता योजनाओं के माध्यम से भी बड़ी संख्या में पंजीकृत श्रमिक परिवारों को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया गया।
ख़बरें और भी…


