नई दिल्ली /भारत
हाइलाइट्स:
- स्पेशल स्टिंग ऑपरेशन में ऐप से ऑर्डर कर पुलिस ने की पुष्टि
- निर्धारित साइज से बड़े 50 चाकू बरामद
- गुरुग्राम के गोदाम तक पहुंची जांच, कंपनी को भेजा जाएगा नोटिस
नियमों से बड़ा ब्लेड, पुलिस ने ऐसे पकड़ा मामला
दिल्ली पुलिस ने एक विशेष स्टिंग ऑपरेशन के तहत फास्ट-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Blinkit के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। 14 फरवरी को दर्ज एफआईआर से पहले पुलिस ने वेरिफिकेशन प्रक्रिया के तहत ऐप से एक ‘स्टेनली नाइफ’ ऑर्डर किया और डिलीवरी एड्रेस जानबूझकर पुलिस स्टेशन की दूसरी मंजिल दिया। डिलीवरी के बाद जांच में पाया गया कि चाकू फोल्डेबल था और उसकी लंबाई 8 सेमी तथा चौड़ाई 2.5 सेमी थी, जो सरकारी नोटिफिकेशन में निर्धारित अधिकतम 7.62 सेमी लंबाई और 1.72 सेमी चौड़ाई की सीमा से अधिक है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के चाकू की ऑनलाइन बिक्री नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
तलाशी अभियान में 50 चाकू बरामद
डिलीवरी के सत्यापन के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दिल्ली भर में प्लेटफॉर्म से जुड़े स्टोर्स पर 15 फरवरी को तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान 16 गैर-कानूनी चाकू बरामद किए गए। जांच का दायरा 16 फरवरी को बढ़ाते हुए पुलिस टीमों ने हरियाणा के गुरुग्राम के फर्रुखनगर स्थित एक गोदाम में छापा मारा, जहां से 32 और चाकू जब्त किए गए। इस तरह कुल 50 ऐसे चाकू बरामद हुए जो ब्लेड साइज और स्पेसिफिकेशन संबंधी नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से ऐसे उत्पादों की उपलब्धता गंभीर चिंता का विषय है।
जवाबदेही तय होगी, कंपनी को नोटिस की तैयारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में कंपनी को जल्द नोटिस भेजा जाएगा और प्रतिनिधियों से जवाब तलब किया जाएगा। यदि जांच में यह साबित होता है कि प्लेटफॉर्म ने निर्धारित कानूनी प्रावधानों की अनदेखी की है, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कंपनी की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यह कार्रवाई ऑनलाइन मार्केटप्लेस पर उत्पादों की वैधता और नियामकीय अनुपालन को लेकर एक सख्त संदेश मानी जा रही है।
ख़बरें और भी…


