रायगढ़/ संवाददाता : 24 अगस्त 2025,
नाबार्ड योजना के तहत 6 करोड़ का प्रोजेक्ट दिलाने का झांसा देकर जांजगीर-चांपा की महिला से 50 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, अब फरार चल रहे सह-आरोपी को भी हिरासत में ले लिया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम खोखरी निवासी 40 वर्षीय अनिता साहू ‘महानदी एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी’ का संचालन करती हैं। उनकी पहचान रायगढ़ निवासी रंजीत चौहान (29) और सुदीप मंडल (40) से कुछ परिचितों के माध्यम से हुई थी। आरोपियों ने अनिता से कहा कि उनकी रजिस्टर्ड कंपनी को नाबार्ड योजना से 6 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट दिलवाया जाएगा। इसके एवज में 50 लाख रुपए असीम कृपा फाउंडेशन के नाम पर जमा करने की शर्त रखी गई।
पहले तो अनिता ने संदेह जताया, लेकिन आरोपियों ने भरोसा दिलाने के लिए फर्जी चेक थमा दिया। बाद में किस्तों में 27 लाख रुपए खाते में जमा कराए गए और 23 लाख रुपए नकद आरोपी को उनके कार्यालय में दिए गए। जब अनिता ने आरोपियों द्वारा दिए गए चेक से रकम निकालने बैंक गईं, तो पता चला कि खाता बंद है। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
चक्रधर नगर थाना पुलिस ने मई माह में मुख्य आरोपी रंजीत चौहान को गिरफ्तार कर लिया था। अब फरार चल रहे उसके साथी सुदीप मंडल को भी पुलिस ने पकड़ लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
वेबसाईट- www.swatantrachhattisgarh.com व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक: https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ने के लिए लिंक: https://www.facebook.com/profile.php?id=61566212073238 यूट्यूब से जुड़ने के लिए लिंक : https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh whatsapp चैनल से जुड़ने के लिए लिंक :https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्विटर से जुड़ने के लिए लिंक: https://x.com/c35509


