रायपुर : 09 जुलाई 2025
छत्तीसगढ़ में पिछले पांच दिनों से लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग समेत प्रदेश के 28 जिलों में बारिश जारी है। रायपुर में देर रात से तेज बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया। रायगढ़ में केलो डैम के दो गेट खोलने पड़े।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर सहित 12 जिलों में भारी बारिश के साथ फ्लैश फ्लड की आशंका जताई है। राजनांदगांव, बालोद, धमतरी, गरियाबंद सहित 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, जबकि 21 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
नदियां-नाले उफान पर, पुल बहे
केलो, खारून, चिनार जैसी नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है। कांकेर में ग्रामीण पिलरों पर कूदकर नदी पार करने को मजबूर हैं। बलरामपुर के बांस झर्रा में पुल बह गया, जिससे कई गांवों का संपर्क टूट गया है।
प्राकृतिक सौंदर्य भी शबाब पर
बारिश के चलते तीरथगढ़ और चित्रकोट जैसे वाटरफॉल पूरे शबाब पर हैं। पर्यटक भारी संख्या में पहुंच रहे हैं, लेकिन जोखिम भी बढ़ रहा है। कोरबा के देवप्रहरी वाटरफॉल में फंसे 5 युवाओं को रेस्क्यू कर निकाला गया।
अब तक औसत 291.9 मिमी बारिश
राज्य में 1 जून से 7 जुलाई तक औसतन 291.9 मिमी बारिश हो चुकी है। बलरामपुर में सबसे ज्यादा 447.8 मिमी और बेमेतरा में सबसे कम 113.7 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ीं
बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी बढ़ गई हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, दोपहर के समय बिजली गिरने की आशंका अधिक होती है। इससे बचने के लिए सावधानी बरतने की जरूरत है।
लंबा रह सकता है मानसून
इस बार मानसून जल्दी आया है और अगर ब्रेक नहीं हुआ तो यह सामान्य से ज्यादा दिनों तक बना रह सकता है।
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG हमारे फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/me हमारे यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh हमारे व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q हमारे ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


