मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा- जल्द होगी नियुक्ति, युवाओं के लिए नई भर्तियों का रास्ता भी खुलेगा ।
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति में हो रही देरी को लेकर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। हाईकोर्ट ने राज्य शासन और आयोग को नोटिस जारी कर 14 दिसंबर तक नियुक्ति की स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्र और न्यायमूर्ति संतोष शर्मा की खंडपीठ ने 26 अक्टूबर को दिए गए पूर्व आदेश के बावजूद नियुक्ति नहीं होने पर नाराजगी जताई। अदालत ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय-सीमा में नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर कठोर कार्रवाई की जा सकती है। राज्य शासन ने न्यायालय को बताया है कि अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और इसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
CGPSC अध्यक्ष का पद 8 सितंबर 2026 से रिक्त है। पूर्व अध्यक्ष रीता शांडिल्य का कार्यकाल समाप्त होने के बाद से आयोग में नियमित अध्यक्ष नहीं होने के कारण कई महत्वपूर्ण भर्ती प्रक्रियाएं प्रभावित हो रही हैं। राज्य सेवा परीक्षा-2025 के साक्षात्कार, नई भर्ती परीक्षाओं की तारीखों की घोषणा और अंतिम चयन सूची जारी करने जैसी प्रक्रियाएं लंबित हैं। इसके अलावा राज्य सेवा परीक्षा-2026 का विज्ञापन जारी होने में भी देरी हुई है। मनोचिकित्सक विशेषज्ञों के पदों पर चयन के लिए इंटरव्यू भी अटके हुए हैं। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता ने सुझाव दिया कि नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति होने तक कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त कर लंबित साक्षात्कार कराए जा सकते हैं। वहीं, सेवानिवृत्त आईएएस महादेव कावरे का नाम अध्यक्ष पद के संभावित दावेदार के रूप में चर्चा में है, हालांकि उनकी नियुक्ति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इधर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने CGPSC अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर कहा है कि यह नियुक्ति जल्द की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासकीय सेवाओं में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को गति देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और जल्द ही नए पदों के लिए विज्ञापन जारी किए जाएंगे। मुख्यमंत्री के इस बयान से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं में उम्मीद जगी है। हालांकि, अभ्यर्थियों की निगाहें अब अध्यक्ष की नियुक्ति और भर्ती कैलेंडर जारी होने पर टिकी हैं। हाईकोर्ट में 14 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई इस पूरे मामले में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


