10 से 24 जनवरी तक नागरिकों को मिलेगी स्व-गणना की सुविधा, डिजिटल माध्यम से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक; 28 फरवरी तक पूरा होगा सर्वेक्षण |
रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश में 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनसंख्या गणना करेंगे। इस काम के लिए कुल 72,769 प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की तैनाती की जाएगी। इससे पहले 10 से 24 जनवरी तक नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा मिलेगी, जिसके तहत वे स्वयं अपनी जानकारी डिजिटल माध्यम से दर्ज कर सकेंगे। यह सुविधा ऐच्छिक होगी, यानी नागरिकों के लिए इसे अपनाना अनिवार्य नहीं है। जनगणना की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होगी और इसके बाद 1 से 5 मार्च तक पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा।
जनगणना की तैयारियों को लेकर मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें मुख्य सचिव ने सभी कलेक्टरों, संभागायुक्तों और जिला जनगणना अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने तथा मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुनिश्चित करने, टीमों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपने और नागरिकों से सहज संवाद स्थापित करने पर जोर दिया। साथ ही जनगणना कार्य में संलग्न अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादलों पर रोक संबंधी निर्देशों का पालन करने को कहा, ताकि प्रक्रिया प्रभावित न हो।
प्रदेश के सभी 33 जिलों, 14 नगर निगमों, 19,978 गांवों और 195 नगरीय क्षेत्रों में जनसंख्या गणना की जाएगी। इसके लिए अनुमानित 60,682 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। इनमें लगभग 62,102 प्रगणक और 10,667 पर्यवेक्षक जिम्मेदारी संभालेंगे। प्रत्येक गणना ब्लॉक में करीब 800 लोगों की आबादी शामिल होगी। जनगणना में लोगों की जनसांख्यिकीय और सामाजिक-आर्थिक जानकारी जुटाई जाएगी, जिसमें धर्म, जाति, दिव्यांगता और प्रजनन से जुड़े प्रश्न भी शामिल होंगे। अधिकारियों ने आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण देने की आवश्यकता बताई है।
जनगणना के लिए पांच स्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था बनाई गई है। फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण 2 से 12 दिसंबर तक जिला मुख्यालयों में होगा, जबकि प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को 21 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक चार्ज स्तर पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए 16 भाषाओं में उपलब्ध विशेष मोबाइल एप तैयार किया गया है, जिसके जरिए इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं होने पर भी ऑफलाइन जानकारी दर्ज की जा सकेगी। जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (CMMS) पोर्टल से कार्य आवंटन, प्रशिक्षण और प्रगति पर नजर रखी जाएगी। व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के लिए पासवर्ड, ओटीपी और डेटा एन्क्रिप्शन जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि जनगणना में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल आंकड़ों का संकलन है, इसका किसी प्रमाण पत्र या सरकारी पात्रता से कोई संबंध नहीं होगा। नागरिकों में विश्वास और सहयोग बढ़ाने के लिए दिसंबर 2026 के मध्य से 28 फरवरी 2027 तक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों को सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर अभियान के माध्यम से लोगों को प्रक्रिया की जानकारी देने तथा किसी भी अफवाह का तत्काल खंडन करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों और बस्तर के हाट-बाजारों में भी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि जनगणना का कार्य पारदर्शी, समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से पूरा हो सके।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


