प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए की अरदास, लंगर में ग्रहण किया प्रसाद; सिख समाज को दी प्रकाश पर्व की बधाई और शुभकामनाएं
भिलाई/रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 24 नवंबर को गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर भिलाई के गुरुद्वारा श्री सिंह सभा, सेक्टर-6 में आयोजित प्रकाश पर्व समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाया और छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए अरदास की। मुख्यमंत्री ने श्रद्धाभाव से लंगर में भी सहभागिता की और प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी गुरुद्वारे में मत्था टेका तथा लंगर में प्रसाद ग्रहण किया। प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही और धार्मिक वातावरण में आयोजन संपन्न हुआ।
मुख्यमंत्री ने सिख समाज को दी प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गुरु नानक देव जी की जयंती मनाने और इस पवित्र अवसर पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाने का अवसर मिलना सभी के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की जयंती को प्रकाश पर्व के रूप में मनाया जाता है, जो मानवता, सेवा और सद्भाव का संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने सिख समाज के संतजनों, समाज के सभी बंधुओं, माताओं-बहनों और युवाओं को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि सिख समाज का आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्रदेशवासियों को निरंतर मिलता रहे।
जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की रही उपस्थिति
प्रकाश पर्व समारोह में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, प्रेम प्रकाश पांडेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इसके अलावा संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सिख समाज के संतजन, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। मुख्यमंत्री की इस धार्मिक यात्रा के दौरान सेवा, श्रद्धा और सामाजिक सद्भाव का संदेश प्रमुखता से सामने आया।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


