साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे बैंक पासबुक, एटीएम और सिम कार्ड; खातों में लाखों रुपये के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा |
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में साइबर ठगी के पैसों के लेन-देन में बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले आठ खाताधारकों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी 5 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन लेकर साइबर ठगों को अपने और दूसरे लोगों के बैंक खाते उपलब्ध कराते थे। पुलिस जांच में इन खातों के माध्यम से लाखों रुपये के संदिग्ध वित्तीय लेन-देन का खुलासा हुआ है। यह कार्रवाई थाना नेवई, छावनी और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने की। जांच में सामने आया कि नेवई क्षेत्र के इंडसइंड बैंक के छह और छावनी क्षेत्र के आईसीआईसीआई बैंक के दो खाताधारक साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले बैंक खाते उपलब्ध करा रहे थे। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर साइबर अपराधों में इस्तेमाल हो रहे बैंक खातों की जांच के दौरान इनकी भूमिका सामने आई। इसके बाद 23 नवंबर को सभी आठ खाताधारकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
कमीशन के लालच में बैंक दस्तावेज और सिम कार्ड सौंपे
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि एजेंटों के माध्यम से खाताधारकों से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल सिम कार्ड लिए जाते थे। इसके बदले उन्हें 5 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन दिया जाता था। साइबर ठग इन खातों का इस्तेमाल लोगों से ऑनलाइन ठगी कर हासिल की गई रकम जमा कराने और फिर उसे अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करने के लिए करते थे। इस प्रक्रिया के जरिए ठगी की रकम के वास्तविक स्रोत को छिपाने की कोशिश की जाती थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। बैंक खातों के वित्तीय लेन-देन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
नेवई के छह और छावनी के दो खाताधारक शामिल
पुलिस कार्रवाई में नेवई थाना क्षेत्र के इंडसइंड बैंक से जुड़े खाताधारकों में टोमन डहरे (44), अभय मिश्रा (28), हरीशंकर सारथी (28), चेतन मांझी (32), देवराज साहू (25) और बिसेक शर्मा (31) शामिल हैं। वहीं, छावनी थाना क्षेत्र के आईसीआईसीआई बैंक से जुड़े खाताधारकों में अखिलेश सिंह (32) और अक्षय सक्सेना (28) के नाम सामने आए हैं। सभी आरोपी दुर्ग जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस अब इनके बैंक खातों से जुड़े संदिग्ध लेन-देन, एजेंटों के नेटवर्क और साइबर ठगी की रकम के आगे हुए ट्रांसफर की कड़ियों की जांच कर रही है। इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने साइबर अपराध में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों के नेटवर्क पर शिकंजा कसने का प्रयास किया है।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


