7.32 लाख रुपये का संपत्ति कर बकाया होने पर 20 अगस्त को भवन किया गया था सील, निगम की अनुमति के बिना दोबारा शुरू कर दिया व्यवसाय |
रायपुर। राजधानी रायपुर में नगर निगम की कार्रवाई के बावजूद सीलबंद भवन में दोबारा कारोबार शुरू करने का मामला सामने आया है। इस मामले में नगर निगम ने भवन मालिक प्रीतम सिंह और जगमीत सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। मामला नगर निगम के जोन-8 अंतर्गत वार्ड क्रमांक-1 वीर सावरकर नगर का है। जानकारी के मुताबिक, संबंधित भवन पर वित्तीय वर्ष 2021-22 से 2026-27 तक कुल 7 लाख 32 हजार 262 रुपये का संपत्ति कर बकाया था। निगम प्रशासन की ओर से बकाया राशि जमा करने के लिए नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन भवन मालिकों ने टैक्स जमा नहीं किया। इसके बाद 20 अगस्त 2026 को नगर निगम की टीम ने भवन के मुख्य दरवाजे पर सील लगा दी थी।
सील तोड़ने के बजाय दूसरा दरवाजा खोलकर शुरू किया कारोबार
नगर निगम का आरोप है कि भवन को सील किए जाने के बाद भी संबंधित मालिकों ने निगम प्रशासन की अनुमति के बिना दूसरा दरवाजा खोल लिया और वहां फिर से व्यावसायिक गतिविधियां शुरू कर दीं। इस तरह सीलबंद संपत्ति में दोबारा कारोबार संचालित किए जाने को निगम ने नियमों का उल्लंघन माना है। मामले की जानकारी सामने आने के बाद जोन-8 प्रशासन ने भवन मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की। जोन आयुक्त ने सहायक राजस्व निरीक्षक संतोष दुबे को इस संबंध में एफआईआर दर्ज कराने के लिए अधिकृत किया था।
आमानाका थाने में मामला दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच
नगर निगम की ओर से 21 नवंबर को आमानाका थाने में शिकायत आवेदन प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्रीतम सिंह और जगमीत सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 और 329(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और नगर निगम की कार्रवाई के दस्तावेजों की जांच कर रही है। वहीं, 7.32 लाख रुपये से अधिक का संपत्ति कर बकाया होने और सीलबंद भवन में दोबारा कारोबार शुरू किए जाने का यह मामला नगर निगम की राजस्व वसूली तथा संपत्ति सील करने की कार्रवाई के अनुपालन को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


