रायपुर / छत्तीसगढ़
राजधानी रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना और ‘मोर गांव–मोर पानी’ महाअभियान की उपलब्धियों को रेखांकित किया, 11 हितग्राहियों को नए आवास की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी।
हेडलाइन्स
• प्रदेश में 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण होने पर आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम।
• ‘मोर गांव–मोर पानी’ महाअभियान के उत्कृष्ट कार्यों पर आधारित कॉम्पेंडियम का विमोचन।
• जल संरक्षण और ग्रामीण विकास के लिए एक लाख से अधिक कार्यों का क्रियान्वयन जारी।
रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में गुरुवार को आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश में 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 11 हितग्राहियों को उनके नए आवास की प्रतीकात्मक चाबी प्रदान की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘मोर गांव–मोर पानी’ महाअभियान के उत्कृष्ट कार्यों पर आधारित कॉम्पेंडियम का भी विमोचन किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना और जल संरक्षण से जुड़े कार्यों की उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया।
ढाई वर्षों में 11 लाख से अधिक आवास पूर्ण, पहले 100 दिनों में बना नया रिकॉर्ड
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने गठन के तुरंत बाद पहली मंत्रिपरिषद की बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों के लिए राशि स्वीकृत करने का निर्णय लिया था। इसके बाद लगातार किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप पिछले ढाई वर्षों में 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। इनमें पिछले वित्तीय वर्ष में लगभग 6 लाख आवास पूरे किए गए, जो एक वर्ष में देश में सर्वाधिक आवास पूर्ण करने की उपलब्धि मानी जा रही है। वहीं चालू वित्तीय वर्ष के पहले 100 दिनों में ही 1 लाख 51 हजार आवास पूर्ण किए गए हैं, जिससे प्रतिदिन औसतन 1,500 से अधिक आवासों का निर्माण पूरा होने का आंकड़ा सामने आया है।
‘मोर गांव–मोर पानी’ अभियान से जल संरक्षण को मिली नई दिशा
कार्यक्रम में ‘मोर गांव–मोर पानी’ महाअभियान के उत्कृष्ट कार्यों पर आधारित पुस्तिका का भी विमोचन किया गया। यह अभियान 24 अप्रैल 2025 को पंचायती राज दिवस के अवसर पर शुरू किया गया था। जनभागीदारी आधारित इस अभियान के तहत महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना तथा वर्तमान ग्रामीण विकास कार्यक्रमों के माध्यम से 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से एक लाख से अधिक जल संरक्षण एवं जल संवर्धन कार्य स्वीकृत और क्रियान्वित किए जा रहे हैं। अभियान के अंतर्गत आजीविका डबरी, नवा तरिया, कंटूर ट्रेंच सहित विभिन्न जल संरचनाओं के निर्माण के जरिए जल संरक्षण, भूजल संवर्धन और ग्रामीण आजीविका को सुदृढ़ बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
खबरें और भी…
स्वतंत्र छत्तीसगढ़ के WhatsApp ग्रुप को ज्वाइन करना न भूलें:
http://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG


