आरंग / छत्तीसगढ़
कॉलेज चौक की बढ़ती भीड़ और दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रशासन से की गई ठोस पहल
मुख्य बिंदु:
व्यापारी संघ ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
कॉलेज चौक पर स्थायी पुलिस बल की मांग
आरंग-खरोरा-नयापारा मार्ग के लिए बाईपास प्रस्ताव
भारी वाहनों के कारण बढ़ रही दुर्घटनाएं
आरंग: आरंग नगर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और बाईपास सड़क निर्माण की मांग को लेकर व्यापारी संघ ने अनुविभागीय अधिकारी अभिलाषा पैकरा को ज्ञापन सौंपा। नगर के प्रमुख व्यापारियों ने एकजुट होकर शहर की बढ़ती यातायात समस्या पर चिंता व्यक्त की।
कॉलेज चौक बना दुर्घटनाओं का हॉटस्पॉट
व्यापारी संघ के अध्यक्ष सूरज शर्मा ने बताया कि आरंग का कॉलेज चौक नगर का सबसे व्यस्ततम चौराहा है, जो बस्तर, जगदलपुर, धमतरी, बिलासपुर और शिवरीनारायण जैसे प्रमुख मार्गों को जोड़ता है। इस चौक से प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी मालवाहक वाहन गुजरते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और जान-माल का नुकसान हो रहा है।
बाईपास निर्माण से मिलेगी राहत
व्यापारियों ने मांग की है कि कॉलेज चौक पर स्थायी रूप से पुलिस जवानों की तैनाती की जाए। साथ ही आरंग-खरोरा-नयापारा मार्ग को पंचमुखी तक बाईपास के रूप में विकसित किया जाए, जिससे शहर के अंदर भारी वाहनों का दबाव कम हो और यातायात सुगम बन सके।
प्रशासन ने दिया सकारात्मक आश्वासन
एसडीएम अभिलाषा पैकरा ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष सूरज शर्मा, सचिव दिलीप चंद्राकर, कोषाध्यक्ष राकेश गुप्ता, संरक्षक दीपक सोनी, उपाध्यक्ष पंकज शुक्ला, मीडिया प्रभारी शरद गुप्ता सहित जगन पाल, संतोष साहू और लगनू खान उपस्थित रहे।
खबरें और भी…


