37.2 C
Raipur
Thursday, May 21, 2026

“विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा” — विधायक राजेश मूणत ने अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार…

HomeChhattisgarhRaipur“विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा” — विधायक राजेश मूणत...

Date:

रायपुर / छत्तीसगढ़

रायपुर पश्चिम में 3 घंटे तक चला सघन निरीक्षण अभियान, अस्पताल से लेकर लाइब्रेरी और महाविद्यालय निर्माण कार्यों की जांच

हेडलाइंस

  • विधायक राजेश मूणत ने विभिन्न निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
  • गुणवत्ता में कमी मिलने पर अधिकारियों को दी कड़ी चेतावनी
  • सरोना अस्पताल निर्माण में तकनीकी खामियों पर जताई नाराजगी
  • महिला योग भवन और महतारी सदन के कार्यों की सराहना
  • नालंदा लाइब्रेरी पार्ट-2 में लापरवाही पर निर्माण एजेंसी को फटकार
  • कोटा महाविद्यालय निर्माण जल्द पूरा करने के दिए निर्देश

रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश मूणत ने बुधवार को क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का सघन निरीक्षण किया। करीब तीन घंटे तक चले इस निरीक्षण अभियान के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और तकनीकी मानकों की गहन समीक्षा की। विधायक मूणत ने स्पष्ट कहा कि जनता की गाढ़ी कमाई से बनने वाली अधोसंरचनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को चेतावनी देते हुए कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सरोना अस्पताल निर्माण में मिली खामियों पर जताई नाराजगी

निरीक्षण की शुरुआत सरोना क्षेत्र में 16 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे 100 बेड के अत्याधुनिक अस्पताल से हुई। यहां ‘फूटिंग वर्क’ के दौरान गुणवत्ता मानकों में कमी मिलने पर विधायक मूणत ने नाराजगी जताई। उन्होंने छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन के कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता और उप अभियंता को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि निर्माण कार्य में तराई और तकनीकी मानकों की अनदेखी गंभीर लापरवाही मानी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ तो उच्च स्तर पर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

महिला सशक्तिकरण से जुड़े प्रोजेक्ट्स की सराहना

इसके बाद विधायक मूणत विप्र नगर पहुंचे, जहां 40 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन महिला योग भवन और 1 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे महतारी सदन का निरीक्षण किया गया। यहां निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और गति संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने नगर निगम अधिकारियों और जोन आयुक्त की सराहना की। विधायक ने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान और सामाजिक सशक्तिकरण से जुड़े ये प्रोजेक्ट्स तय समय सीमा में पूरे होने चाहिए ताकि आम महिलाओं को जल्द लाभ मिल सके।

नालंदा लाइब्रेरी पार्ट-2 में निर्माण एजेंसी पर भड़के विधायक

शासकीय विज्ञान महाविद्यालय के समीप 21 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे नालंदा लाइब्रेरी पार्ट-2 के निरीक्षण के दौरान विधायक मूणत ने निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर तीखी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों से कार्य की वास्तविक स्थिति की जानकारी मांगी, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अधीक्षण अभियंता को कड़े निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि यदि गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने की क्षमता नहीं है तो निर्माण एजेंसी तत्काल कार्य छोड़ दे। उन्होंने दो टूक कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों के निर्माण में किसी प्रकार की गोपनीयता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

कोटा महाविद्यालय का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश

निरीक्षण के अंतिम चरण में विधायक राजेश मूणत कोटा स्थित शासकीय महाविद्यालय गुढ़ियारी पहुंचे। यहां लोक निर्माण विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कार्यपालन अभियंता को निर्देश दिए कि महाविद्यालय भवन को शीघ्र पूर्ण कर विद्यार्थियों को समर्पित किया जाए। साथ ही मानसून से पहले पहुंच मार्ग निर्माण का कार्य भी हर हाल में पूरा करने को कहा गया।

धरातल पर विकास और सतत निगरानी पर जोर

निरीक्षण के दौरान विधायक मूणत ने कहा कि वे केवल घोषणाओं की राजनीति में विश्वास नहीं रखते, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले परिणामों को प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर विकास योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। क्षेत्र का लगातार दौरा और निर्माण कार्यों की सूक्ष्म निगरानी उनकी कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है, ताकि रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र विकास के नए मानक स्थापित कर सके।

ख़बरें और भी…

स्वतंत्र छत्तीसगढ़
स्वतंत्र छत्तीसगढ़https://swatantrachhattisgarh.com
(संपादक) इस साइट के कुछ तत्वों में उपयोगकर्ताओं द्वारा प्रस्तुत सामग्री ( समाचार / फोटो / विडियो आदि ) शामिल होगी । स्वतंत्र छत्तीसगढ़ इस तरह के सामग्रियों के लिए कोई ज़िम्मेदार नहीं स्वीकार करता है। स्वतंत्र छत्तीसगढ़ में प्रकाशित ऐसी सामग्री के लिए संवाददाता / खबर देने वाला स्वयं जिम्मेदार होगा, स्वतंत्र छत्तीसगढ़ या उसके स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक की कोई भी जिम्मेदारी नहीं होगी. सभी विवादों का न्याय क्षेत्र रायपुर होगा ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related