महासमुंद / छत्तीसगढ़
सिंघोड़ा पुलिस की कार्रवाई में 9 करोड़ रुपये से अधिक के सोने के आभूषण बरामद, आयकर विभाग को दी गई सूचना
प्रमुख बिंदु
- महासमुंद में पुलिस ने करोड़ों रुपये का सोना किया जब्त
- कार के गुप्त चेंबर से मिला 7 किलो 512 ग्राम सोना
- तीन युवक हिरासत में, दस्तावेज नहीं दिखा पाए
- आयकर विभाग को मामले की सूचना भेजी गई
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में सिंघोड़ा पुलिस को वाहन जांच के दौरान बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 9 करोड़ 27 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने के आभूषण और एक लग्जरी कार जब्त की है। कार में बनाए गए गुप्त चेंबर से भारी मात्रा में सोना बरामद होने के बाद पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए।
वाहन जांच के दौरान पकड़ी गई कार
जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग-353 स्थित रेहटीखोल जांच चौकी पर सिंघोड़ा पुलिस उड़ीसा की ओर से आने वाले वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान गुजरात नंबर की एक कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में तीन युवक सवार थे, जो गुजरात के राजकोट निवासी बताए जा रहे हैं।
गुप्त चेंबर से मिला करोड़ों का सोना
जांच के दौरान पुलिस ने कार की पिछली सीट के नीचे बने गुप्त चेंबर और एक पीठू बैग से छह प्लास्टिक डिब्बों में रखे सोने के आभूषण बरामद किए। बरामद सोने का कुल वजन 7 किलो 512 ग्राम 488 मिलीग्राम बताया गया है। पुलिस के अनुसार जब्त सोने की कीमत 9 करोड़ 17 लाख 84 हजार 220 रुपये आंकी गई है। वहीं कार सहित कुल जब्ती लगभग 9 करोड़ 27 लाख 84 हजार 220 रुपये की बताई जा रही है।
दस्तावेज नहीं मिलने पर संपत्ति जब्त
पुलिस ने बताया कि कार सवार युवक सोने से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत पूरी संपत्ति जब्त कर ली गई। मामले की सूचना आयकर विभाग को भी दे दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में सोना कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां पहुंचाने की तैयारी थी।
ख़बरें और भी…


