रायपुर / छत्तीसगढ़
हाइलाइट :
- आमानाका पुलिस ने टाटीबंध इलाके में की कार्रवाई
- पंजाब नंबर के ट्रेलर से अफीम और डोडा बरामद
- जब्त मादक पदार्थों की कीमत करीब 15.25 लाख रुपये
- आरोपी बलराम सिंह अमृतसर का निवासी
- पुलिस तस्करी नेटवर्क की अन्य कड़ियां खंगालने में जुटी
राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आमानाका थाना पुलिस ने टाटीबंध इलाके में कार्रवाई करते हुए पंजाब से आए एक ट्रक चालक को मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अफीम और डोडा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15.25 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि अटारी रोड स्थित डीआरजी ट्रांसपोर्ट के सामने खड़े ट्रेलर क्रमांक PB-05-AB-9313 में भारी मात्रा में मादक पदार्थ रखा गया है और चालक उसकी सप्लाई करने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और ट्रेलर चालक को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बलराम सिंह बताया, जो पंजाब के अमृतसर जिले का निवासी है और फिलहाल रायपुर के कबीर नगर इलाके में किराए के मकान में रह रहा था।
ट्रेलर की तलाशी में मिला नशीला सामान
पुलिस द्वारा ट्रेलर की तलाशी लेने पर बोरी में छिपाकर रखा गया 4.432 किलो डोडा और प्लास्टिक पन्नी में रखा 79.30 ग्राम अफीम बरामद हुआ। इसके अलावा आरोपी के पास से एक रेडमी मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बरामद मादक पदार्थों की अंतरराज्यीय तस्करी की आशंका है और आरोपी से पूछताछ कर सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस का मानना है कि आरोपी लंबे समय से रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में नशे की सप्लाई से जुड़ा हो सकता है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के मोबाइल फोन और संपर्कों की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने साफ किया है कि राजधानी में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
ख़बरें और भी…


