रायपुर / छत्तीसगढ़
हाइलाइट बॉक्स:
- 10 और 13 मई को रायपुर में होंगे IPL मुकाबले
- RCB vs MI और RCB vs KKR मैच पर क्रिकेट फैंस की नजर
- 1500 से ज्यादा पुलिस जवान रहेंगे तैनात
- स्टेडियम तक पहुंचने के लिए बनाए गए 5 प्रमुख रूट
- कई सामानों पर स्टेडियम के अंदर प्रतिबंध लागू
रायपुर। राजधानी रायपुर एक बार फिर आईपीएल के रंग में रंगने जा रही है। 10 और 13 मई को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले आईपीएल मुकाबलों को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने स्टेडियम पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को दर्शकों की सुरक्षा, ट्रैफिक नियंत्रण तथा आपातकालीन सेवाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन टिकट बुकिंग के बाद बड़ी संख्या में दर्शकों के रायपुर पहुंचने की संभावना है, इसलिए पर्याप्त वॉलिंटियर, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
मुंबई और बेंगलुरु के मुकाबले को लेकर बढ़ा उत्साह
10 मई को Royal Challengers Bengaluru और Mumbai Indians के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा, जबकि 13 मई को RCB का सामना Kolkata Knight Riders से होगा। मैच से पहले मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी मैदान में जमकर अभ्यास करते नजर आए। क्रिकेट प्रेमियों में खास उत्साह देखा जा रहा है क्योंकि रायपुर को करीब 10 साल बाद आईपीएल मैचों की मेजबानी मिली है। फैंस को उम्मीद है कि मुकाबले में Virat Kohli और Rohit Sharma जैसे स्टार खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने मिलेगा। वहीं बॉलीवुड हस्तियों और अंबानी परिवार के भी रायपुर पहुंचने की चर्चाएं तेज हैं।
सुरक्षा व्यवस्था में 1500 जवानों की तैनाती
आईपीएल मैचों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। मुख्य सचिव विकासशील की हाईलेवल बैठक के बाद सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। आईजी-डीआईजी स्तर के 8 आईपीएस अधिकारियों सहित लगभग 1500 जवान ड्यूटी पर रहेंगे। गिरजाशंकर जायसवाल को सुरक्षा प्रभारी बनाया गया है, जो आईजी अमरेश मिश्रा के मार्गदर्शन में पूरे ऑपरेशन की निगरानी करेंगे। ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने के लिए अलग से 300 से अधिक जवानों की तैनाती की गई है ताकि दर्शकों को स्टेडियम पहुंचने में परेशानी न हो।
5 रूट से होगी एंट्री, अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था
प्रशासन ने स्टेडियम तक पहुंचने के लिए पांच प्रमुख मार्ग निर्धारित किए हैं। रायपुर शहर, दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर, महासमुंद, धमतरी और जगदलपुर से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। स्टेडियम में कुल 12 प्रवेश द्वार बनाए गए हैं जबकि वीआईपी वाहनों के लिए अलग रूट आरक्षित रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार साई अस्पताल, सेंध तालाब, परसदा और कोसा पार्किंग क्षेत्रों में वाहनों की पार्किंग की जाएगी। दर्शकों से निर्धारित मार्गों और पुलिस निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
स्टेडियम में कई वस्तुओं पर रहेगा प्रतिबंध
सुरक्षा कारणों से स्टेडियम के अंदर कई सामानों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। शराब, सिगरेट, गुटखा, ज्वलनशील पदार्थ, बोतलें, धारदार वस्तुएं, लैपटॉप, लेजर लाइट, हॉर्न, झंडे, बड़े बैग, खाद्य सामग्री, पटाखे और प्रचार सामग्री जैसी वस्तुएं पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगी। पुलिस प्रशासन ने दर्शकों से अपील की है कि वे केवल जरूरी सामान लेकर ही स्टेडियम पहुंचें ताकि प्रवेश प्रक्रिया तेज और सुरक्षित बनी रहे।
ख़बरें और भी…


