रायपुर / छत्तीसगढ़
हाइलाइट :
रायपुर के शासकीय मेडिकल कॉलेज स्थित अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में 8 मई को विश्व रेड क्रॉस दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। आयोजन में रक्तदान, अंगदान, नशामुक्ति और आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जागरूकता फैलाई जाएगी।
रायपुर। भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी छत्तीसगढ़ राज्य शाखा द्वारा विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। राज्यपाल एवं रेड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष श्री रमेन डेका के संरक्षण में होने वाले इस आयोजन का शुभारंभ 8 मई 2026 को सुबह 10:30 बजे शासकीय मेडिकल कॉलेज स्थित अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी होंगे, जबकि अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रूपल पुरोहित के अनुसार प्रदेशभर से 2000 से अधिक छात्र-छात्राएँ, स्वयंसेवक और सामाजिक कार्यकर्ता इस आयोजन में शामिल होंगे। समूह नृत्य, नाटक, प्रहसन और चित्रकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से रेड क्रॉस के सिद्धांतों और मानव सेवा के महत्व को प्रस्तुत किया जाएगा। रक्तदान, अंगदान, महिला स्वास्थ्य, नशामुक्ति और प्राथमिक उपचार जैसे विषयों पर रचनात्मक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं का होगा सम्मान
अपरान्ह 4:30 बजे आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि रहेंगे। समारोह में समाजसेवा और मानव कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्वयंसेवकों एवं प्रतियोगिता विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। रेड क्रॉस पदाधिकारियों ने कहा कि यह आयोजन युवाओं को सेवा, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रेरित करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
ख़बरें और भी…


