रायपुर / छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित नवकार अस्पताल में शुक्रवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब इलाज के लिए भर्ती एक महिला को लेकर उसके मायके और ससुराल पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई। इस घटना से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों व उनके परिजनों में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली और टिकरापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर शांत कराया। जानकारी के अनुसार, महिला ने एक दिन पहले अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था, जिसके बाद गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
डॉक्टरों द्वारा महिला की हालत नाजुक बताने के बाद ससुराल पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए और अस्पताल में हंगामा करने लगे। इसी दौरान मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया और मामला हाथापाई तक जा पहुंचा।
घटना के बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर अस्पताल परिसर में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है, ताकि दोबारा किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। वहीं, मायके पक्ष ने मामले को नया मोड़ देते हुए आरोप लगाया है कि यह आत्महत्या का प्रयास नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या की कोशिश है, जिसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने के बाद ही मामले की विस्तृत जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खबरें और भी…


