कोंडागांव/छत्तीसगढ़
- हाइलाइट :
- कोण्डागांव पुलिस ने मोबाइल टावरों से बैटरी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है।
- मामले में जियो कंपनी का टेक्निशियन ही चोरी का मास्टरमाइंड निकला।
- पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 13.22 लाख रुपये की सामग्री जब्त की है।
टावर बैटरी चोरी का खुलासा
पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा के मार्गदर्शन में कोण्डागांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोबाइल टावरों से बैटरी चोरी करने वाले शातिर गिरोह को गिरफ्तार किया है। 1 फरवरी 2026 को प्रार्थी रामकुमार राय की रिपोर्ट पर उरन्दाबेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम भोगापाल स्थित जियो टावर से 72 बैटरियों की चोरी का मामला दर्ज किया गया था। अपराध की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
सायबर जांच से मास्टरमाइंड तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान सायबर सेल द्वारा टावर डाटा डंप और पूर्व की घटनाओं का विश्लेषण किया गया। इसी क्रम में जियो कंपनी के टेक्निशियन राघवेन्द्र साहू की संदिग्ध भूमिका सामने आई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने कृष्णा साहू के साथ मिलकर कई टावरों से बैटरियां चुराईं और चोरी का माल रायपुर के कबाड़ी समर मोहम्मद के जरिए राजनांदगांव निवासी आबिद मलिक को बेचा।
13.22 लाख की सामग्री जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने रायपुर और राजनांदगांव से आरोपियों को गिरफ्तार कर 24 नग बैटरियां (कीमत 1.72 लाख), स्क्रैप राशि 50 हजार रुपये और घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन (कीमत लगभग 11 लाख रुपये) जब्त किया। कुल 13.22 लाख रुपये की सामग्री बरामद कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में उरन्दाबेड़ा थाना और सायबर सेल की टीम का विशेष योगदान रहा।
ख़बरें और भी…


