रायपुर: रायपुर नगर पालिक निगम आयुक्त श्री विश्वदीप के आदेशानुसार तथा नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही एवं जोन 10 जोन कमिश्नर श्री विवेकानंद दुबे के निर्देश पर नगर निगम जोन 10 स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई प्राप्त जनशिकायत की वस्तुस्थिति की जांच के लिए की गई। निरीक्षण के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री अमित बेहरा, वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक श्री यशवंत बेरिहा एवं अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
जोन 10 क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 55, मोती नगर स्थित धीरेन्द्र स्वीट्स एवं उससे संबद्ध भानजी भाई मिठाई फैक्ट्री की स्वच्छता की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान और फैक्ट्री परिसर में गंदगी पाई गई। जांच में यह भी पुष्टि हुई कि जिस स्थान को लेकर जनशिकायत प्राप्त हुई थी, वह शिकायत सही पाई गई।
स्वच्छता मानकों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए जोन कमिश्नर के निर्देश पर जोन स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा धीरेन्द्र स्वीट्स/भानजी भाई मिठाई फैक्ट्री के संचालक पर तत्काल ₹10,000 का ई-जुर्माना किया गया। साथ ही संबंधित जनशिकायत का जोन स्तर पर त्वरित निदान सुनिश्चित किया गया और परिसर की साफ-सफाई तत्काल कराने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में खाद्य प्रतिष्ठानों की स्वच्छता को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
खबरें और भी…


