स्वतंत्र छत्तीसगढ़
रायपुर में खमतराई थाना पुलिस ने सुमीत निषाद (20) पुत्र पंचराम निषाद, निवासी आजाद नगर, रावांभाठा को गिरफ्तार किया है। आरोपी से दो मोटरसाइकिल, एक एक्टिवा और विभिन्न कंपनियों के कुल 16 एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए गए हैं। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 2,15,000 रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 29 जून 2025 को प्रार्थी बलराम दास वैष्णव, निवासी शिव दुर्गा मंदिर के पास, विधानसमा रोड, सड्डू, रायपुर ने अपनी मोटरसाइकिल फैशन प्रो (क्रमांक सीजी 04 एलजेड-9371) चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थी ने बताया कि 28 जून की रात लगभग 9:15 बजे वह शराब खरीदने गया था और लौटने पर मोटरसाइकिल गायब थी। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 709/2025, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान सूचना मिली कि रावांभाठा स्थित हरीश पेट्रोल पंप के पास एक युवक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में सुमीत निषाद ने चोरी की मोटरसाइकिल और मोबाइल चोरी की स्वीकारोक्ति की। उसने बताया कि चोरी की मोटरसाइकिलों के नंबर प्लेट बदलकर इस्तेमाल करता था। इसके अलावा आरोपी ने नवरात्रि पर्व के दौरान बंजारी माता मंदिर में श्रद्धालुओं के जेब से कुल 16 मोबाइल फोन भी चुराए।
सुमीत निषाद के निशानदेही पर सभी चोरी की गई मोटरसाइकिलें और मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
ख़बरें और भी…follow करना न भूलें|


