रायपुर : 13 अगस्त 2025,
राजधानी पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के बड़े लोकल नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए सोमवार-मंगलवार को ताबड़तोड़ छापेमारी कर 11 तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से कुल 6.42 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। गिरफ्तारियों में नेहरू नगर निवासी 21 वर्षीय अफजिया अख्तर उर्फ महक भी शामिल है, जो एक टेलर की बेटी है। पुलिस के अनुसार, वह गलत संगत में आकर नशे की आदी हो गई थी और अपनी लत पूरी करने के लिए ड्रग्स बेचने लगी। जांच में उसके बैंक खाते में 35 से ज्यादा ट्रांजेक्शन मिले, जो तस्करी के पैसों से जुड़े हैं।
पंजाब-राजनांदगांव कनेक्शन से खुला जाल
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई पहले पकड़े गए पंजाब निवासी लवजीत सिंह और राजनांदगांव निवासी सुवित श्रीवास्तव के बैंक खातों की जांच के बाद आगे बढ़ी। अब तक इस मामले में 22 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि अधिकांश आरोपी पहले खुद नशा करते थे, बाद में मोटी कमाई के लिए तस्करी में उतर गए।
गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में अफजिया अख्तर के अलावा मोहम्मद जाहिद (33) व साहिल रजा (25) संजय नगर, मुजम्मिल खान उर्फ बाबा (30) ताजनगर, हुसैन खान उर्फ मुर्गी (32) गोकुल नगर, मो. फोरात अब्बास (22) मोमिन पारा, सैय्यद आसिफ अली (35) गोलबाजार, शिशिर राय (34) सुंदरनगर, रितुराज ठाकुर (34) हीरापुर, छत्रपति अम्भोरे उर्फ दद्दू (30) महावीर नगर और संतोष धनवानी (29) कटोरा तालाब शामिल हैं।
बैंक खातों में लाखों की हेरफेर
जांच में सामने आया कि आरोपियों के खातों में 35-40 बार लेन-देन हुआ है, जिनमें 40 हजार से लेकर 3 लाख रुपये तक के ट्रांजेक्शन मिले। आरोपियों का सीधा कनेक्शन मुख्य सप्लायर सुवित श्रीवास्तव से पाया गया है, जिन्हें वे पैसा जमा करते थे।
बाउंसरों की भूमिका पर शक
पुलिस ने राजा तालाब क्षेत्र के कुछ बाउंसरों की तलाश शुरू कर दी है। आशंका है कि ये बाउंसर सैफ चिल्ला और उसके नेटवर्क के साथ ड्रग्स तस्करी में शामिल हैं। इनके पास पब, बार, क्लब, होटल और फार्महाउस की सुरक्षा का ठेका है, जहां नाइट पार्टियां होती हैं।
खुद का नेटवर्क चला रहे थे युवक-युवतियां
जांच में खुलासा हुआ है कि सुवित से ड्रग्स लेने वाले कई लोग आधा ग्राम अपने पास रखकर बाकी ऊंचे दामों में बेचते थे। इस तरह उन्होंने अपने-अपने स्तर पर नेटवर्क बना लिया था। पुलिस को ऐसे 320 लोगों की जानकारी मिली है, जिनके बैंक खाते और सिम कार्ड ब्लॉक कर दिए गए हैं तथा उनकी तलाश जारी है।
वेबसाईट- www.swatantrachhattisgarh.com व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक: https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ने के लिए लिंक: https://www.facebook.com/profile.php?id=61566212073238 यूट्यूब से जुड़ने के लिए लिंक : https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh whatsapp चैनल से जुड़ने के लिए लिंक :https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्विटर से जुड़ने के लिए लिंक: https://x.com/c35509


