राजनांदगाँव : 17 जुलाई 2025
जिले की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और भर्ती प्रक्रिया में हो रही अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस नेता व पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को उन्होंने अपने समर्थकों के साथ कलेक्टर और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. मनोज दानी से मुलाकात कर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर विरोध दर्ज कराया।
इस दौरान बाकलीवाल ने दोनों अधिकारियों को 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि मौजूदा सीएमएचओ के कार्यकाल में स्वास्थ्य सेवाएं लगातार बिगड़ती जा रही हैं। कर्मचारियों पर नियंत्रण नहीं होने के कारण मरीजों की जान पर बन आती है।
यह भी पढ़े : एनएचएम कर्मियों की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित, हमर क्लीनिकों में ताले, टीकाकरण भी ठप…
उन्होंने हाल ही में प्रसूता आरती मारकंडे की मौत का मामला उठाते हुए इसमें जिम्मेदारों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की। साथ ही जिला अस्पताल की हमर लैब में सभी 116 प्रकार की जांचें पुनः शुरू करने, शाम के ओपीडी समय में भी टीकाकरण सुविधा बहाल करने, अस्पताल में मनोचिकित्सक की नियुक्ति करने तथा बंद हमर क्लिनिकों को पुनः चालू करने जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए।
बाकलीवाल ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। उनके साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और शहरवासी भी मौजूद रहे।
हमारे व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q हमारे ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


