25.6 C
Raipur
Monday, March 23, 2026

कुम्हारी टोल प्लाजा पर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, भाजपा पर लगाया गब्बर सिंह टैक्स वसूली का आरोप…

HomeChhattisgarhकुम्हारी टोल प्लाजा पर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, भाजपा पर लगाया गब्बर...

Date:

कुम्हारी /दुर्ग : 20 अप्रैल 2025 (संवाददाता )

रायपुर-भिलाई मार्ग पर स्थित कुम्हारी टोल प्लाजा पर रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए। आंदोलनकारियों का आरोप है कि कुम्हारी टोल प्लाजा की अवधि समाप्त हो चुकी है, इसके बावजूद अब भी यहां अवैध रूप से टैक्स की वसूली की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने इस वसूली को “गब्बर सिंह टैक्स” बताते हुए इसे भाजपा की जनविरोधी नीति करार दिया। इस मौके पर टोल प्लाजा के अधिकारियों को ‘बेशर्म का फूल’ भेंट करते हुए कांग्रेसजनों ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, जबकि आम नागरिकों को गुलाब का फूल भेंट कर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जताया गया।

पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि रायपुर 04 और दुर्ग-भिलाई 07 जैसे पंजीकृत वाहनों को टोल में छूट देने की घोषणा की गई थी, लेकिन फास्टैग सिस्टम की वजह से इनसे भी शुल्क स्वतः कट रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार बार-बार टोल का टेंडर निकालकर इसकी अवधि को जानबूझकर बढ़ा रही है, जो जनभावनाओं के खिलाफ है। इस विरोध प्रदर्शन के कारण टोल प्लाजा पर कुछ देर के लिए चक्का जाम जैसी स्थिति बन गई। यातायात बाधित होने के कारण यात्रियों को असुविधा का सामना भी करना पड़ा।

विकास उपाध्याय ने बताया कि उन्होंने इस मुद्दे को लेकर केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा था और उनसे चर्चा हेतु समय मांगा था, लेकिन अब तक कोई उत्तर नहीं मिला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक कुम्हारी टोल प्लाजा को बंद नहीं किया जाता, कांग्रेस पार्टी चरणबद्ध आंदोलन के जरिए सड़क पर संघर्ष करती रहेगी। उपाध्याय ने इस बात को भी उठाया कि संसद में नितिन गडकरी ने स्वयं कहा था कि आने वाले समय में पूरे देश से टोल नाके हटाकर जीपीएस आधारित टैक्स वसूली प्रणाली लागू की जाएगी। साथ ही यह भी घोषणा की गई थी कि 60 किलोमीटर के भीतर केवल एक टोल प्लाजा संचालित होगा, लेकिन छत्तीसगढ़ में दुर्ग, राजनांदगांव, कुम्हारी और मंदिरहसौद टोल प्लाजा की आपसी दूरी से साफ है कि इस नीति का पालन नहीं किया जा रहा।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि ऐसे सभी टोल प्लाजा, जिनकी अवधि समाप्त हो चुकी है या जो सरकारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन कर रहे हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए। कुल मिलाकर, यह प्रदर्शन कुम्हारी टोल प्लाजा में हो रही अवैध वसूली और भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जनआक्रोश का प्रतीक बनकर उभरा है। कांग्रेस ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जब तक जनता को राहत नहीं मिलेगी, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

ख़बरें और भी…

स्वतंत्र छत्तीसगढ़
स्वतंत्र छत्तीसगढ़https://swatantrachhattisgarh.com
(संपादक) इस साइट के कुछ तत्वों में उपयोगकर्ताओं द्वारा प्रस्तुत सामग्री ( समाचार / फोटो / विडियो आदि ) शामिल होगी । स्वतंत्र छत्तीसगढ़ इस तरह के सामग्रियों के लिए कोई ज़िम्मेदार नहीं स्वीकार करता है। स्वतंत्र छत्तीसगढ़ में प्रकाशित ऐसी सामग्री के लिए संवाददाता / खबर देने वाला स्वयं जिम्मेदार होगा, स्वतंत्र छत्तीसगढ़ या उसके स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक की कोई भी जिम्मेदारी नहीं होगी. सभी विवादों का न्याय क्षेत्र रायपुर होगा ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related