कंतेली में प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियां तेज, लेकिन पिछले दौरे के विज्ञापन विवाद और बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर सरकार व प्रशासन के सामने चुनौतियां।
मुंगेली : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 13 नवंबर को मुंगेली जिले के कंतेली प्रवास पर पहुंचेंगे। इस दौरान वे क्षेत्रवासियों को नए शासकीय कॉलेज की सौगात देने के साथ करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर भाजपा नेताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू और क्षेत्रीय विधायक पुन्नूलाल मोहले भी कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हैं। हालांकि, विकास कार्यों की घोषणाओं के बीच यह दौरा पिछले कार्यक्रम से जुड़े विवादों के कारण भी चर्चा में है।
दरअसल, मुख्यमंत्री के पिछले मुंगेली दौरे के दौरान विज्ञापनों के नाम पर कथित घोटाले और पत्रकारों के नाम पर उगाही के आरोप सामने आए थे। आरोप है कि मुख्यमंत्री के नाम से विज्ञापन जारी करने और पत्रकारों को भुगतान दिलाने के बहाने कथित तौर पर वसूली की गई। इस मामले की प्रशासनिक जांच अब तक किसी निर्णायक नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है। ऐसे में आगामी दौरे को लेकर स्थानीय लोगों और राजनीतिक हलकों में सवाल उठ रहे हैं कि क्या इस बार विज्ञापन और प्रचार-प्रसार की व्यवस्था पारदर्शी रहेगी या फिर पुराने विवाद की पुनरावृत्ति होगी।
वहीं, मुंगेली में सड़क, नाली, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी असंतोष की चर्चा है। स्थानीय समस्याओं का समाधान नहीं होने से नाराज लोगों के मुख्यमंत्री के सामने विरोध दर्ज कराने की रणनीति बनाने की बात कही जा रही है। ऐसे में प्रशासन के सामने एक ओर विकास कार्यों के कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की जिम्मेदारी होगी, तो दूसरी ओर पुराने कथित विज्ञापन विवाद की जांच और आम जनता की लंबित मांगों को लेकर उठने वाले सवालों का सामना भी करना पड़ सकता है। मुख्यमंत्री के दौरे में विकास घोषणाओं के साथ इन मुद्दों पर सरकार और प्रशासन की प्रतिक्रिया पर भी सबकी नजर रहेगी।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


