ओडिशा से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा था 120.960 किलो गांजा, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और सरायपाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कंटेनर जब्त |
सरायपाली। ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर चावल की बोरियों के बीच छिपाकर गांजे की तस्करी करने वाले दो अंतरराज्यीय तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और सरायपाली पुलिस की संयुक्त टीम ने खम्हारपाली आरटीओ बैरियर के पास घेराबंदी कर एक कंटेनर वाहन से 120.960 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 60 लाख 48 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कंटेनर क्रमांक WB 19 L 3059 में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने कार्रवाई की योजना बनाकर संदिग्ध वाहन की निगरानी शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने खम्हारपाली आरटीओ बैरियर के पास कंटेनर को रोककर तलाशी ली। वाहन में सवार दो युवकों ने अपनी पहचान अमनदीप (27 वर्ष), निवासी लोहन्दा, सुजानगंज, जिला जौनपुर (उत्तरप्रदेश) और लल्लू यादव (24 वर्ष), निवासी हटिया रामनाथ, थाना सुजानगंज, जिला जौनपुर (उत्तरप्रदेश) के रूप में बताई। पूछताछ में दोनों ने कंटेनर में चावल की बोरियां होने की जानकारी दी, लेकिन संदेह होने पर गवाहों की मौजूदगी में वाहन की सघन तलाशी ली गई। इस दौरान चावल की बोरियों के बीच छिपाकर रखी चार बोरियों से गांजे के कुल 117 पैकेट बरामद हुए। इनका कुल वजन 120.960 किलोग्राम पाया गया। तस्करी के लिए चावल की बोरियों की आड़ लेने का तरीका पुलिस की जांच में सामने आया।
पुलिस ने गांजा और तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर वाहन जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी के नेटवर्क, गांजे की आपूर्ति के स्रोत और इसे छत्तीसगढ़ में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाने में लगी है। इस कार्रवाई को प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


