बीसीए और एमसीए के विद्यार्थियों को मिला 5G नेटवर्क, लो लेटेंसी और इंटरनेट ऑफ थिंग्स की कार्यप्रणाली समझने का अवसर; विशेषज्ञों से किया तकनीकी संवाद।
रायपुर। मैट्स विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (एमएसआईटी) के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर की 5G लैब का शैक्षणिक भ्रमण किया। विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट (टीएनपी) सेल के समन्वय से आयोजित इस भ्रमण में बीसीए और एमसीए के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को 5G जैसी उभरती संचार तकनीक से परिचित कराना और कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना था। एनआईटी रायपुर पहुंचने पर विद्यार्थियों के दल का स्वागत किया गया और उन्हें प्रयोगशाला की विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन कराया गया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को 5G तकनीक के मूल सिद्धांतों और उसकी कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें नेटवर्क आर्किटेक्चर, तेज गति से डेटा ट्रांसमिशन, कम विलंबता (लो लेटेंसी) और एक साथ बड़ी संख्या में उपकरणों को नेटवर्क से जोड़ने की क्षमता जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। विद्यार्थियों को इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), स्मार्ट सिटी, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और औद्योगिक स्वचालन जैसे क्षेत्रों में 5G तकनीक के व्यावहारिक उपयोगों के बारे में भी बताया गया।

5G लैब में स्थापित उपकरणों और विभिन्न तकनीकी प्रदर्शनों के माध्यम से विद्यार्थियों को मोबाइल एवं वायरलेस संचार की सैद्धांतिक अवधारणाओं को वास्तविक परिस्थितियों में समझने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने पूरे भ्रमण के दौरान उत्साह और जिज्ञासा दिखाई। उन्होंने विशेषज्ञों और शिक्षकों से तकनीक से जुड़े सवाल पूछे तथा सक्रिय रूप से संवाद किया। इस दौरान स्कूल ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के विभागाध्यक्ष डॉ. अभिषेक गुरु, ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल के श्रीकांत तथा संकाय सदस्य पीयूष जैन और आरिफा खान विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. अभिषेक गुरु ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को 5G जैसी आधुनिक तकनीकों से लगातार अपडेट रहने और उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, टीएनपी सेल के श्रीकांत ने कहा कि नवीनतम तकनीकों की जानकारी विद्यार्थियों के करियर अवसरों को बढ़ाने के साथ उन्हें प्रतिस्पर्धी रोजगार जगत के लिए तैयार करती है।
विद्यार्थियों ने इस शैक्षणिक अवसर के लिए एनआईटी रायपुर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भ्रमण को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया। मैट्स विश्वविद्यालय का स्कूल ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी विद्यार्थियों के समग्र विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीकी दक्षता, नवाचार और कौशल आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी जरूरतों के अनुरूप तैयार करना और उन्हें शैक्षणिक ज्ञान के साथ उद्योग जगत में उपयोगी व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराना है।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


