रायगढ़, छत्तीसगढ़
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष जांच अभियान के तहत रायगढ़ जिले की कई डेयरियों में छापेमार कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित एनालॉग पनीर और एक्सपायरी खोवा जब्त किया। गंभीर अनियमितताएं मिलने पर एक डेयरी का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया, जबकि अन्य संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं।
हेड लाइंस
• सतगुरु डेयरी से 7 किलो प्रतिबंधित एनालॉग पनीर बरामद
• 8 किलो एक्सपायरी खोवा जब्त कर मौके पर कराया गया नष्ट
• खाद्य लाइसेंस निलंबित, जिलेभर में जांच अभियान रहेगा जारी
रायगढ़: खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। नियंत्रक के निर्देश तथा जिला अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी के नेतृत्व में सतगुरु डेयरी का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान डेयरी से 7 किलोग्राम प्रतिबंधित एनालॉग पनीर बरामद हुआ। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पनीर का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया, जबकि शेष सामग्री को मौके पर ही नष्ट करा दिया। गंभीर अनियमितता पाए जाने पर डेयरी का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए सुधार सूचना नोटिस जारी किया गया।
अन्य डेयरियों में भी मिली अनियमितताएं
निरीक्षण दल ने इसके बाद कस्तूरी डेयरी, सुरभि डेयरी, मुन्ना डेयरी के साथ कोड़ातराई और पटेलपाली स्थित सतीश एवं मनोज मशरूम डेयरी का भी निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान सतीश पटेल के प्रतिष्ठान से 8 किलोग्राम एक्सपायरी खोवा बरामद हुआ, जिसे ओडिशा से लाया गया बताया गया। अधिकारियों ने एक्सपायरी खोवे को मौके पर ही नष्ट कराया और संबंधित संचालक को नोटिस जारी किया।
सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्राथमिकता
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कहा है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलेभर में विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने की अपील की है।
खबरें और भी…


