दुर्ग, छत्तीसगढ़
बर्थडे पार्टी की खुशियां मातम में बदलीं, तेज बहाव में बह गए दो किशोर, SDRF का रेस्क्यू अभियान जारी।
हेड लाइंस
बर्थडे पार्टी मनाने गए बच्चों के साथ हुआ दर्दनाक हादसा
शिवनाथ नदी के तेज बहाव में डूबे दो नाबालिग
14 वर्षीय रेहान का शव बरामद, दूसरे किशोर की तलाश जारी
SDRF और स्थानीय गोताखोरों का रेस्क्यू अभियान जारी
पुलिस ने लोगों से बरसात के दौरान नदी-नालों से दूर रहने की अपील की
दुर्ग, छत्तीसगढ़: पुलगांव थाना क्षेत्र के छातागढ़ स्थित शिवनाथ नदी में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बर्थडे पार्टी मनाने पहुंचे किशोरों का समूह मौज-मस्ती के दौरान नदी में नहाने उतरा, लेकिन तेज बहाव के कारण दो नाबालिग पानी में बह गए। सूचना मिलते ही पुलगांव पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। देर रात तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद शनिवार सुबह फिर से तलाश शुरू की गई, जिसमें एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे किशोर की तलाश अब भी जारी है।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम 14 से 15 वर्ष आयु के 7 से 8 किशोर अपने एक दोस्त का जन्मदिन मनाने छातागढ़ पहुंचे थे। पार्टी के बाद सभी दोस्तों ने शिवनाथ नदी में नहाने का निर्णय लिया। इसी दौरान दो किशोर तेज बहाव की चपेट में आ गए और देखते ही देखते नदी में बह गए। अन्य बच्चों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी, जिसके बाद पुलिस और बचाव दल को तत्काल सूचना दी गई।
रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों के साथ खोजबीन शुरू की। हालांकि अंधेरा होने और नदी के तेज बहाव के कारण देर रात सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा। शनिवार सुबह दोबारा अभियान शुरू किया गया। एसडीआरएफ अधिकारियों ने बताया कि बचाव दल लगातार नदी के विभिन्न हिस्सों में तलाश कर रहा है।
एक बच्चे का शव मिला, दूसरे की खोज जारी
एसडीआरएफ अधिकारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह सर्चिंग के दौरान एक किशोर का शव घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर बरामद किया गया। पुलिस ने मृतक की पहचान 14 वर्षीय रेहान, निवासी उरला, के रूप में की है। दूसरे लापता किशोर की तलाश के लिए एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर लगातार रेस्क्यू अभियान चला रहे हैं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रशासन की अपील
बरसात के मौसम में नदियों का जलस्तर और बहाव तेजी से बढ़ जाता है। प्रशासन ने लोगों, विशेषकर बच्चों और युवाओं से अपील की है कि वे बिना सुरक्षा व्यवस्था के नदी, नालों और जलाशयों में नहाने या उतरने से बचें। थोड़ी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
खबरें और भी…


