CHHATTISGARH
बिलासपुर पुलिस की छापेमार कार्रवाई, दो संचालकों पर मामला दर्ज, आरोपी फरार
मुखबिर की सूचना पर सिविल लाइन पुलिस की कार्रवाई
तंबाकू युक्त हुक्का परोसे जाने का आरोप
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
बिलासपुर। शहर में अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस ने व्यापार विहार क्षेत्र में संचालित एक अवैध हुक्का बार पर छापेमार कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से छह हुक्के सहित हुक्का संचालन में उपयोग होने वाला भारी मात्रा में सामान जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान हुक्का बार के संचालक पुलिस को देखकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। मामले में सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि व्यापार विहार स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल के पास एक भवन की तीसरी मंजिल पर अवैध रूप से हुक्का बार संचालित किया जा रहा है। यहां ग्राहकों को तंबाकू युक्त फ्लेवर के साथ प्रति घंटे के हिसाब से शुल्क लेकर हुक्का उपलब्ध कराया जा रहा था। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सिविल लाइन थाना पुलिस ने टीम गठित कर मौके पर दबिश दी।
पुलिस पहुंचते ही भागे संचालक और ग्राहक
छापेमारी के दौरान वहां मौजूद कई ग्राहक मौके से भाग निकले। पुलिस के पहुंचने से पहले हुक्का बार के दोनों संचालक भी फरार हो गए। पुलिस ने मौके से छह कांच के हुक्का पॉट, दस हुक्का पाइप, तीन पैकेट जेल फ्लेवर, दो स्मोकिंग सिरना, दस हुक्का टिप्स तथा एक स्टील की चिमटी सहित अन्य सामग्री जब्त की है।
मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम की धारा 4, 21(1) एवं 27 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध हुक्का बार और तंबाकू से जुड़े गैरकानूनी कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
ख़बरें और भी…
स्वतंत्र छत्तीसगढ़ के व्हाट्सएप चैनल को ज्वाइन करना न भूलें।
https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q


