बिलासपुर/छत्तीसगढ़
व्यापारी को नेशनल सेल्स हेड बनकर झांसा, फर्जी बिल और ई-वे बिल से दिया भरोसा ।
मुख्य बिंदु:
एफएमसीजी व्यापारी से 7.87 लाख रुपये की ठगी
एजेंसी दिलाने के नाम पर एडवांस रकम वसूली
फर्जी बिल और ई-वे बिल भेजकर किया भ्रमित
भेजा गया माल दूसरी कंपनियों का निकला
सरकंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
बिलासपुर: बिलासपुर में एफएमसीजी कारोबार से जुड़े एक व्यापारी के साथ बड़ी ठगी का मामला सामने आया है, जहां बिस्किट कंपनी की चैनल सेल्स एजेंसी दिलाने का झांसा देकर करीब 7 लाख 87 हजार रुपये ठग लिए गए। आरोपियों ने खुद को कंपनी का उच्च पदाधिकारी बताकर भरोसा जीता और एडवांस रकम लेने के बाद वादे के अनुसार माल नहीं भेजा।
एजेंसी दिलाने के नाम पर रची साजिश
सकर्री क्षेत्र निवासी माधव अग्रवाल, जो “माधव इंटरप्राइजेस” के नाम से डिस्ट्रीब्यूशन और चैनल सेल्स का कार्य करते हैं, ने पुलिस को बताया कि नवंबर-दिसंबर 2025 में सुरेश साव नामक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया। उसने खुद को एक बड़ी फूड कंपनी का नेशनल सेल्स हेड बताते हुए बिलासपुर क्षेत्र की अधिकृत एजेंसी दिलाने का प्रस्ताव दिया।
फर्जी नेटवर्क और बड़े कारोबार का दिया लालच
आरोपी ने अपने साथियों कुमार सिन्हा और राकेश सिन्हा से भी बातचीत कराई। तीनों ने मिलकर कंपनी के बड़े नेटवर्क और अच्छे मुनाफे का भरोसा दिलाया। इसके बाद उन्होंने एजेंसी प्रक्रिया के नाम पर एडवांस रकम जमा कराने को कहा।
आरटीजीएस से जमा कराई गई बड़ी रकम
माधव अग्रवाल ने अलग-अलग तारीखों में आरटीजीएस और अन्य माध्यमों से कुल 7 लाख 87 हजार 156 रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए खाते में जमा कर दिए। रकम मिलने के बाद आरोपियों ने फर्जी सेल्स बिल और ई-वे बिल भेजकर सौदे को असली दिखाने की कोशिश की।
माल में निकली गड़बड़ी, संपर्क किया बंद
काफी इंतजार के बाद जो माल व्यापारी तक पहुंचा, वह कथित कंपनी का न होकर दूसरी कंपनियों के बिस्किट और उत्पाद निकले। बाकी माल कभी भेजा ही नहीं गया। जब व्यापारी ने विरोध किया तो आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
खबरें और भी…


