स्वतंत्र छत्तीसगढ़ डेस्क
भिलाई। भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय के सचिव संदीप पौंड्रिक ने अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान भिलाई इस्पात संयंत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ कृष्ण कुमार सिंह और अभिजीत नरेंद्र भी मौजूद रहे। संयंत्र पहुंचने पर निदेशक प्रभारी चित्त रंजन महापात्र सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया, वहीं CISF के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया।
इसके बाद इस्पात सचिव ने ‘इस्पात भवन’ में शीर्ष प्रबंधन और कार्यपालक निदेशकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अरुण कुमार ने रावघाट परियोजना की प्रगति पर प्रस्तुति दी, जबकि शालिनी चौरसिया ने उत्पादन, तकनीकी-आर्थिक मानकों और वित्तीय स्थिति की जानकारी साझा की। समीक्षा के दौरान संदीप पौंड्रिक ने संयंत्र की कार्यक्षमता की सराहना करते हुए प्रबंधन को भविष्य के लिए अधिक महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित करने और उत्पादन लागत में स्थायी कमी लाने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान उन्होंने सुरक्षा उत्कृष्टता केंद्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा कोक ओवन बैटरी नंबर 8 की परियोजना स्थल पर जाकर कार्यों की प्रगति देखी। निरीक्षण के बाद अतिथियों को पुनः गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके पश्चात वे रायपुर के लिए रवाना हो गए। इस उच्च स्तरीय दौरे में संयंत्र के विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधक और वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
खबरें और भी…


