रायपुर / छत्तीसगढ़
हाइलाइट बॉक्स:
- रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार
- आरोपियों के पास से 6.140 किलोग्राम गांजा बरामद
- तस्करी में इस्तेमाल हो रही एक्टिवा स्कूटी भी जब्त
- हिस्ट्रीशीटर उदय जैन की पत्नी बताई जा रही है गिरफ्तार महिला
नाकेबंदी में पकड़ी गई तस्करी की खेप
रायपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 6.140 किलोग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक्टिवा स्कूटी जब्त की है, जिसकी कुल कीमत करीब 3.57 लाख रुपए आंकी गई है। यह कार्रवाई तेलीबांधा थाना क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नाकेबंदी कर आरोपियों को पकड़ा गया।
हिस्ट्रीशीटर की पत्नी निकली मुख्य आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला की पहचान माधुरी जैन उर्फ डॉली (37) के रूप में हुई है। वह खमतराई थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर उदय जैन की पत्नी बताई जा रही है, जो पहले से ही नारकोटिक एक्ट के एक मामले में जेल में बंद है। वहीं दूसरे आरोपी का नाम कृष्ण साहू (18) है, जो रायपुर के सन्यासी पारा इलाके का रहने वाला है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि दोनों आरोपी किस नेटवर्क के जरिए गांजा तस्करी कर रहे थे।
मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम की कार्रवाई
पुलिस उपायुक्त (क्राइम और साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य) उमेश प्रसाद गुप्ता की निगरानी में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। 7 मार्च को सूचना मिली थी कि एक महिला और युवक एक्टिवा से आरंग की ओर से रायपुर आ रहे हैं और उनके पास बैग में गांजा है। सूचना के बाद आरंग-रायपुर रिंग रोड स्थित एक कार शोरूम के पास नाकेबंदी की गई।
भागने की कोशिश नाकाम, पुलिस ने घेरकर पकड़ा
कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार एक एक्टिवा आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन रोकने का इशारा किया तो चालक ने तेज गति से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके बैग से 6.140 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने गांजा और वाहन किया जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से बरामद गांजा और एक्टिवा स्कूटी (CG-04-NY-9483) जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
ख़बरें और भी…


