रायपुर / छत्तीसगढ़
रायपुर, 20 फरवरी 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल अंतर्गत उरकुरा स्टेशन पर शुक्रवार सुबह विशेष एम्बुश टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी के निर्देश पर सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक चली इस कार्रवाई में लोकल पैसेंजर ट्रेनों से बिना टिकट यात्रा कर रहे 177 यात्री पकड़े गए। इसके अतिरिक्त अनियमित टिकट, धूम्रपान और अधिक लगेज के एक-एक मामले सामने आए। कुल मिलाकर 185 प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि जुर्माना अदा नहीं कर पाने वाले 5 यात्रियों को अग्रिम कार्रवाई हेतु रेलवे सुरक्षा बल को सौंपा गया।

अभियान का संचालन सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद के नेतृत्व में किया गया, जिसमें मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, वाणिज्य निरीक्षक एवं टिकट चेकिंग स्टाफ सहित कुल 20 कर्मचारियों ने भाग लिया। जांच के दौरान कुछ यात्रियों में अफरा-तफरी की स्थिति भी बनी, लेकिन टीम ने सतर्कता और संयम के साथ कार्रवाई पूरी की।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि टिकट जांच के दौरान रेलवे ट्रैक पर न भागें और सुरक्षा नियमों का पालन करें। यात्रियों को यात्रा से पूर्व वैध टिकट एवं प्लेटफॉर्म टिकट अवश्य लेने, सही कोच में बैठने तथा रेल परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने की सलाह दी गई है। मंडल द्वारा समय-समय पर ऐसे अभियान चलाकर यात्रियों को टिकट लेने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
खबरें और भी…


