गौरेला पेंड्रा मरवाही / छत्तीसगढ़
गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में बीसी सखियों के लिए जिला पंचायत सभा कक्ष में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत के सीईओ मुकेश रावटे ने विशेष रूप से उपस्थित रहकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि बीसी सखियां ग्राम स्तर पर बैंकिंग और नागरिक सेवाओं की सुलभता सुनिश्चित कर ग्रामीण विकास में अहम भूमिका निभाएंगी। इस पहल को महिला सशक्तिकरण और डिजिटल समावेशन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
ग्राम स्तर पर मिलेंगी बैंकिंग व शासकीय सेवाएं
प्रशिक्षण में कुल 49 बीसी सखियों ने भाग लिया। सीएससी आईडी प्राप्त होने के बाद वे बैंक खाता खोलने, लेन-देन, मजदूर पंजीयन, पीएम किसान नया पंजीयन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पशुधन बीमा, टेली-लॉ सेवा और पासपोर्ट आवेदन जैसी सेवाएं प्रदान करेंगी। इससे ग्रामीणों को जिला या ब्लॉक मुख्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी और समय व धन की बचत होगी।
शीघ्र शुरू होंगी सेवाएं
प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रतिभागियों की कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) आईडी आवेदन प्रक्रिया पूर्ण की गई। राज्य कार्यालय सीएससी बीमा सेवा से प्रदीप कुमार ने पोर्टल संचालन और ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी दी। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डीपीएम विनीत दुबे एवं ग्रामीण आजीविका मिशन की जिला टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
ख़बरें और भी…


