देश-विदेश
रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य की राजधानी उफा स्थित स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के छात्रावास में शनिवार को चाकू से हमला हुआ। इस घटना में चार भारतीय छात्रों सहित कम से कम छह लोग घायल हो गए। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, एक किशोर चाकू लेकर छात्रावास में घुसा और वहां मौजूद छात्रों पर अंधाधुंध हमला कर दिया, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
रूस के गृह मंत्रालय ने बताया कि आरोपी ने गिरफ्तारी के दौरान विरोध किया, जिसमें दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। हमलावर ने खुद को भी चोट पहुंचाई और उसे गंभीर हालत में बच्चों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ‘बाज़ा’ टेलीग्राम चैनल के मुताबिक, आरोपी की उम्र 15 वर्ष है और उसका संबंध एक प्रतिबंधित नव-नाजी संगठन से होने का दावा किया गया है। रूसी संघीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
भारत के दूतावास ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए चार भारतीय छात्रों के घायल होने की पुष्टि की है। दूतावास ने कहा कि वह स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और कज़ान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी घायलों की सहायता के लिए उफा पहुंच रहे हैं। घटना के बाद इलाके में उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी गई है।
ख़बरें और भी…


