राजिम/छत्तीसगढ़
राजिम कुंभ मेला 2026 के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए भारतीय रेल ने 1 से 15 फरवरी तक रायपुर–राजिम के बीच 02 जोड़ी मेमू स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों का ठहराव प्रमुख उपनगरीय और ग्रामीण स्टेशनों पर रहेगा, जिससे श्रद्धालुओं को सीधी, किफायती और सुगम रेल यात्रा उपलब्ध हो सकेगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाले राजिम कुंभ मेला 2026 के मद्देनज़र भारतीय रेल ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विशेष पहल की है। रेलवे प्रशासन के अनुसार, 1 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक रायपुर–राजिम के बीच 02 जोड़ी राजिम कुंभ मेला मेमू स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों के माध्यम से मेला क्षेत्र तक पहुंचना न केवल आसान होगा, बल्कि सड़क यातायात पर पड़ने वाले दबाव में भी कमी आएगी।
इन स्टेशनों पर मिलेगा वाणिज्यिक ठहराव
रेलवे से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन विशेष मेमू ट्रेनों का वाणिज्यिक ठहराव मंदिर हसौद, सीबीडी (पीएच), केंद्री, अभनपुर, मानिकचोरी और राजिम स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। इससे आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं को सीधी रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राज्य में रेल सेवाओं और अवसंरचना के उन्नयन के लिए भारतीय रेल निरंतर प्रयासरत है और धार्मिक आयोजनों के दौरान अतिरिक्त सुविधाएं देना उसी का हिस्सा है।
जानिए मेमू स्पेशल ट्रेनों का पूरा समय-सारिणी
08755 रायपुर–राजिम मेमू स्पेशल रायपुर से 11:55 बजे प्रस्थान कर 13:20 बजे राजिम पहुंचेगी, जबकि 08756 राजिम–रायपुर ट्रेन 14:00 बजे राजिम से चलकर 15:30 बजे रायपुर पहुंचेगी। इसी तरह दूसरी जोड़ी में 08757 रायपुर–राजिम ट्रेन 14:30 बजे रायपुर से चलकर 16:00 बजे राजिम पहुंचेगी और 08758 राजिम–रायपुर ट्रेन 20:30 बजे राजिम से प्रस्थान कर 22:00 बजे रायपुर पहुंचेगी। रेलवे की इस व्यवस्था से राजिम कुंभ मेला में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी और रायपुर–राजिम के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा।
ख़बरें और भी…


